6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अण्डरपास में भरा पानी, लोग परेशान

अण्डरपास में पानी निकासी की रेलवे द्वारा उचित व्यवस्था नहीं
2 min read
Google source verification
Underground water, people get annoyed

अण्डरपास में भरा पानी, लोग परेशान

नांगल राजावतान.

उपखण्ड के ग्राम पंचायत प्यारीवास से कोल्यावास को जा रहे सड़क मार्ग पर बने अण्डरपास में बारिश का पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी अण्डरपास में जमा हो जाता है।


ग्रामीण अशोक कुमार शर्मा, विजयसिंह राजपूत, लाखनसिंह राजपूत आदि ने बताया कि दौसा-गंगापुर रेल लाइन के नीचे बने अण्डरपास में पानी निकासी की रेलवे द्वारा उचित व्यवस्था नहीं की गई। इस कारण बारिश का पानी अण्डरपास में भर जाने से राहगीरों सहित वाहन चालकों को आवागमन में असुविधा हो रही है। ग्रामीणों ने अण्डरपास में भरे पानी निकासी की व्यवस्था करवाने की मांग की है। इस संबन्ध में रेलवे के अधिशासी अभियन्ता रामसिंह मीना ने बताया कि अण्डरपास में पानी भरने की समस्या आ रही है। जल्द ही समाधान कराया जाएगा।

घुमाव पर पानी भराव से हादसे का अंदेशा
गुढ़ाआशिकपुरा (बिवाई). मण्डावर-बांदीकुई सड़क मार्ग पर गुढ़ाआशिकपुरा के समीप स्थित घुमाव सड़क से काफी नीचा होने के कारण बारिश होते ही पानी भराव हो जाता है। इससे तेज गति में वाहन आने पर हादसे का अंदेशा बना रहता है। घुटनों तक पानी भराव होने के कारण दुपहिया वाहन चालक व पैदल गुजरने वाले राहगीरों का निकलना तक मुश्किल हो जाता है, लेकिन प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से बिवाई, गोलाड़ा, निहालपुरा, ढिगारियाभीम, ढिगारियाकपूर, बदरी का मोड़, सुधारनपाड़ा, नांगल झामरवाड़ा, बालाहेड़, अलीपुर, हिंगोटा, गढ़-दुब्बी, अजाण सहित कई गांव जुड़े हुए हैं।

वाहनों की भी इस मार्ग पर दिनभर आवाजाही बनी रहती है, लेकिन यहां पानी भराव होने के कारण कई बार तो सम्पर्क तक टूट जाता है। खास बात यह है कि करीब तीन माह पहले ही सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से मण्डावर-बांदीकुई सड़क मार्ग का चौड़ाईकरण व मरम्मत कार्य किया गया है, लेकिन गुढ़आशिकपुरा मोड़ के समीप निर्माण कार्य के दौरान इस घुमाव पर सड़क को ऊंचा नहीं उठाया गया है। इससे पानी भराव के चलते सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है। ग्रामीणों ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं होने पर सड़क मार्ग जाम की चेतावनी
दी है।


अण्डरपास का निर्माण नहीं तो आंदोलन
बसवा. कस्बे में रेलवे स्टेशन के पास फाटक संख्या 151 पर अण्डरपास बनवाने के लिए करीब एक माह से पुलिस द्वारा एनओसी नहीं देने के विरोध में संतोष छैला जन संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष ने जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन भेजा। उपाध्यक्ष प्रतापसिंह राजावत ने बताया कि शीघ्र ही अण्डरपास का निर्माण चालू नहीं हुआ तो समिति ग्रामीणों को साथ लकर आंदोलन करेगी।
भेजा ज्ञापन: दौसा. जिला वक्फ जायदाद दौसा के संयोजक शमीम अहमद ने अलवर-बांदीकुई रेलवे लाइन दोहरीकरण के दौरान बसवा में फाटक संख्या 149 पर अण्डरपास नहीं बनाए जाने की मांग को लेकर जिला कलक्टर, एसपी व रेल मंत्री को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने बताया कि जिस भूमि पर प्रस्तावित अण्डरपास का निर्माण किया जाना है, वह भूमि वक्फ सम्पत्ति कब्रिस्तान की है।