
Stir in government with power cuts and tripping
दौसा. विद्युत वितरण निगम इन दिनों थ्री फेज के साथ सिंगलफेज बिजली आपूर्तिकी भी अघोषित कटौती कर रहा है। इस वक्त विद्यार्थियों की अद्र्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही है। रात साढ़े दस से सुबह पांच बजे तक सिंगलफेज की कटौती हो रही है। दिन में भी बिजली आपूर्तिका कोई निर्धारित समय नहीं है। रात को किसानों को कड़ाके के ठण्ड में पानी भराने को मजबूर होना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में किसानों को कृषि कार्य में तो विद्यार्थियों को पढ़ाई में बाधा हो रही है।
रबी की फसलों को पहले पानी की जरूरत
जिले में इस वर्ष रबी की गेहूं, जौ, चने एवं सरसों की फसलों में पहला पानी दिया जा रहा है। कहने को तो सरकार किसानों को साढ़े छह घंटे बिजली दे रही है, लेकिन किसानों का कहना है कि घोषणा के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है। ऐसे में फसलें सूखने के कगार पर हैं। किसानों ने बताया कि डिस्कॉम रात के समय बिजली सप्लाई कर रहा है, जबकि इस समय कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।
मजबूरन कड़ाके की सर्दी में किसानों को पानी भराना पड़ रहा है। कई किसानों को तो जनरेटर या अल्टीनेटर से बिजली बना कर मोटरें चला कर पानी भराने को मजबूर होना पड़ रहा है। जो बिजली सप्लाई की जा रही है, उसमें भी कई बार ट्रिपिंग आती है। हालत यह है कि कई बार तो खेत में पानी जाकर पहुंचता है तब तक बिजली ट्रिप हो जाती है।
अंधेरे में कैसे पढ़ें
डिस्कॉम किसानों के लिए थ्री फेज बिजली सप्लाई में तो कंजूसी कर ही रहा है, लेकिन जिलेभर में सिंगल फेज बिजली की भी जमकर कटौती हो रही है। इसका सबसे बड़ा खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। इस वक्त विद्यार्थियों की अद्र्धवार्षिक परीक्षाएं हो रही हैं। डिस्कॉम रात को सिंगल फेज की बिजली भी काट देता है। ऐसे में विद्यार्थियों की शाम होते ही पढ़ाई चौपट हो जाती है।
चोरों की चांदी
रात के समय ग्रामीण इलाकों में सिंगल फेज की बिजली कटौती होने से चोरों की चांदी हो रही है। अंधेरे में चोरी की वारदातें बढऩे लग गई है। एक सप्ताह में आलूदा कस्बे में चोरी की तीन वारदातें हो चुकी हैं।
यूरिया की भी किल्लत
जिले में इस वक्त किसानों के सामने रबी की फसलों को उन्नत करने के लिए पानी ही नहीं यूरिया की भी सख्त जरूरत पड़ रही है। किसान यूरिया के लिए दर-दर भटक रहा है। किसानों को ना ही दुकानों पर यूरिया मिल रहा है और ना ही सहकारी समितियों पर। दुकानों पर मुश्किल से मिलता है तो वह भी ब्लैक में मिल रहा है।
कटौती बंद करा दी जाएगी
किसानों को भरपूर थ्री फेज बिजली सप्लाई की जा रही है। सिंगल फेज बिजली कटौती की उनको जानकारी नहीं है। रात में सिंगलफेज बिजली कटौती बंद करा दी जाएगी।
- एके गुप्ता, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण निगम सर्किल दौसा
Published on:
22 Dec 2018 07:52 am
