
नानक राम ओर बेटा हबलेश। फोटो: पत्रिका
दौसा। मंडावर थाना क्षेत्र के टहलडी चौराहे पर वैन और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जयपुर में उपचार जारी है। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं वैन पलट गई।
वैन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बाइक व वैन को जब्त कर रसीदपुर पुलिस चौकी पर खड़ा कराया है।
पुलिस के अनुसार उकरूंद निवासी नानक राम पुत्र जिम्बू (68) अपने बेटे हबलेश पुत्र नानक राम को मंडावर महुवा रेलवे स्टेशन पर आगरा-अजमेर इंटरसिटी एक्सप्रेस में बैठाने के लिए सुबह करीब 7.30 बजे बाइक से निकले थे। हबलेश बिजली निगम में जयपुर कार्यरत है। इसी दौरान टहलडी चौराहे पर जटवाड़ा की ओर से आ रही वैन से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में नानक राम व उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय नानक राम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि बेटे हबलेश का प्राथमिक उपचार कर जयपुर रैफर किया गया।
पुलिस ने बताया कि वैन में खाली ड्रम मिले हैं। वैन जटवाड़ा से गढ़ हिम्मत सिंह की ओर जा रही थी। चालक के फरार होने के चलते पुलिस वैन मालिक की तलाश कर रही है। वैन में अवैध कारोबार की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Updated on:
28 Jan 2026 02:14 pm
Published on:
28 Jan 2026 02:14 pm
