
देशी कट्टा मिलने पर शातिर अपराधी गिरफ्तार
दौसा ग्रामीण. कोतवाली थाना पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर एक 315 बोर का देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। आरोपी पहले भी चोरी, नकबजनी एवं आम्र्स एक्ट जैसी वारदातों के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ दौसा एवं जयपुर में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
थानाप्रभारी गणपतराम चौधरी ने बताया कि एसपी प्रहलादसिंह कृष्णियां के निर्देश पर आपराधिक प्रवृति के लोगों पर निगरानी एवं उचित कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है। गश्त के दौरान नीलकंठ पहाड़ी की तलहटी के नीचे गणेशपुरा रोड से रलावता की ओर जाने वाले मार्ग पर कच्चे रास्ते में पैदल जाते हुए एक जने को टीम ने चारों ओर से घेर लिया।
जांच में उसके पास से एक 315 बोर का देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस मिले। आरोपी खिचलीपुर मीना थाना बालघाट जिला करौली निवासी सज्जनसिंह (30) को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है। टीम में प्रदीपसिंह, लोकेश कुमार शर्मा, दिलीपसिंह, नागपाल, राजेन्द्र कुमार, घनश्याम एवं लक्ष्मीकान्त शर्मा आदि शामिल हैं।
दो पक्षों में मारपीट
बांदीकुई. शहर के बसवा रोड पंचायत समिति के सामने एक ही परिवार के दो पक्षों में फिल्मी अंदाज में मारपीट हो गई। इसमें एक जना घायल हो गया। जिसे राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार बसवा रोड पर पगड़ी रस्म कार्यक्रम था। इसमें शरीक होने आए सूर्यकांत शर्मा हाल निवासी शिक्षक कॉलोनी के साथ तीन चार लोगों ने लात-घूंसों से मारपीट कर दी। पीडि़त बचाने के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन किसी ने नहीं सुनी और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। पीडि़त चिकित्सा विभाग में संविदाकर्मी है।
इस दौरान काफी संख्या में तमाशाबीन लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इससे कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं और रुपयों के लेन-देन को लेकर हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। हालांकि इस सम्बंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
Published on:
24 Feb 2019 09:24 am
