
ऐसा क्या हुआ कि तीन दिन पहले दफनाए बालिका के शव को निकलवाया, फिर कराया पोस्टमार्टम
दौसा. ग्राम नांगल गोविन्द में मौत के बाद तीन दिन पहले दफनाई गई एक डेढ़ माह की बालिका के साथ किसी अनहोनी की शिकायत के बाद बुधवार सुबह प्रशासन हरकत में आ गया। इस पर एसीएम हवाईसिंह एवं सदर थाना प्रभारी रामसिंह यादव गांव में मौके पर पहुंचे।
इसके बाद ग्रामीणों एवं परिजनों की मौजूदगी में बालिका के शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में सम्पर्क पोर्टल पर शिकायत प्राप्त हुई थी। इस संबंध में मर्ग में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
यह है मामला
परिजनों ने बताया कि 6 जुलाई की रात को बालिका अपनी मां के पास सोते हुए गायब हो गई थी। इस पर उसे काफी तलाश भी किया। इसके बाद 9 जुलाई सुबह वह एक कुएं में मृत मिली। इस पर किसी जंगली जानवर के उठा ले जाने की आंशका के बाद उसे दफनाया गया था।
बढऩे के बजाय घटे बेसिक टेलीफोन कनेक्शन
लवाण. भारत संचार निगम कर्मचारियों की लापरवाही के चलते कस्बे में टेलीफोन कनेक्शन बढऩे के बजाय घटते ही जा रहे है। आए दिन संचार सेवा बाधित रहने व तकनीकी खामी को तुरंत दुरुस्त नहीं करने से उपभोक् ताओं का बीएसएनएल सेवा से मोह भंग होने लगा है। बेसिक फोन में फाल्ट आने पर सात दिन से पहले सही नही होता है।
उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद वे एक-दूसरे से बात करने की बात कह कर टरका देते है। वर्ष 2003-04 में कस्बे में 500 बेसिक टेलीफोन के कनेक्शन चालू थे, लेकिन अब मात्र 40 कनेक्शन ही चालु है। सरकार कनेक्शन को बढ़ावा देने व नए कनेक्शन देने के लिए नई-नई योजनाएं दे रही है लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं को फायदा नही मिल पा रहा है। कस्बे में 25 दिन पहले कटी बीएसएनएल की केबल आज तक सही नही हुई है।
ऐसे में उपभोक्ताओं ने कनेक्शन बंद कराना शुरू कर दिया। लाइनमैन महादेव प्रसाद ने बताया कि कनेक्शन कटने का मुख्य कारण व्यवस्था का सही नहीं होना और निगम द्वारा सामान उपलब्ध नहीं कराना है। बीएसएनएल सेवा को चालू रखने के लिए एक्सचेंज पर जनरेटर के लिए हजारों लीटर डीजल आता है।खास बात यह है कि कस्बे का एक्सचेंज चालीस साल से किराए के भवन मसंचालित हो रहा है। स्थानीय कर्मचारियों के पास लाइन को चैक व सही करने के उपकरण भी नहीं है। नई केबल भी उपलब्ध नहीं कराई जाती है।
Published on:
11 Jul 2018 08:14 pm
