
विकास में नहीं आएगी कमी - गोलमा
गीजगढ़. गीजगढ़ के अलवर-गंगापुर सड़क मार्ग से ग्राम पचंायत जयसिंहपुरा तक 1.20 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास सिकराय विधायक गीता वर्मा ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में राजगढ़ विधायक गोलमा देवी ने कहा कि सर्वसमाज को एक साथ मिल-जुलकर रहना चाहिए।
बालिकाओं को शिक्षा दिलाकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। गोलमा देवी का कार्यकर्ताओं ने धर्मकांटे से बहरावण्डा ढाणी तक रैली निकालकर स्वागत किया। विधायक गीता वर्मा ने कहा कि विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
वहीं कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना का भी आना प्रस्तावित था। उनके स्वागत को लेकर दर्जनों जगह स्वागत द्वार लगाए गए, लेकिन जयपुर में व्यस्तता के कारण उनके नहीं आने कार्यकर्ताओं में मायूसी हो गई। बाद में सांसद मीणा ने अपनी पत्नी गोलमा देवी को भेजा। कार्यक्रम के दौरान पद दंगल भी हुआ। गोलमा देवी को ग्रामीणों ने बहरावड्या ढाणी में शिवमन्दिर पर गदा भेंट की। इस दौरान भीमसिंह घूमणा, भाजपा मण्डल महांमत्री सीताराम सैनी, प्रवक्ता हनुमान पुरोहित, प्रहलाद शास्त्री, देवी सिंह, विश्राम सैनी, रामप्रसाद, नाथूलाल, मोतीलाल चौबे, कन्हैया, जगराम सैनी, मूलचन्द, सरपंच गिर्राज सैनी आदि मौजूद थे।
कनिका व सोनिया रहे प्रथम
दौसा. विवेकानंद सीनियर सैकण्डरी स्कूल में विद्यार्थियों ने विज्ञान व प्रौद्योगिकी की और कदम बढ़ाते हुए वर्तमान समय में उनकी जरूरतों पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य अरविंद शर्मा ने बताया कि विद्यालय में विज्ञान व सूचना प्रौधोगिकी विषय पर प्रतियोगिता हुई। इसमें विद्यार्थियों ने विज्ञान व प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न मॉडल बनाए। प्रतियोगिता में नवीं कक्षा की छात्रा कनिका शर्मा व सोनिया शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरा स्थान प्रिंस व राहुल गौतम व तीसरा स्थान सुमित जोशी ने प्राप्त किया।
तहसीलदार ने किया अस्पताल का निरीक्षण
नांगल राजावतान. उपखण्ड मुख्यालय के राजकीय आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का सोमवार को तहसीलदार नवलकिशोर मिश्रा ने निरीक्षण कर चिकित्साकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। तहसीलदार ने अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने वार्ड, टीकाकरण कक्ष, जांच कक्ष, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केन्द्र आदि का जायजा लिया। इस मौके पर वैद्य विकासकुमार शर्मा, रामस्वरूप शर्मा, कम्पाउण्डर रामेश्वरप्रसाद मीना, उषा भटनागर, लैब इंचार्ज रामचरण धाकड़, फार्मेसिस्ट आजादकुमार मीना आदि मौजूद थे।
Published on:
24 Jul 2018 10:16 am
