20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, नम आंखों से दी गई विदाई

Bhuvan Chandra Khanduri Funeral: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सीएम धामी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित तमाम दिग्गजों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

2 min read
Google source verification
जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी | फोटो सोर्स-

जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी | फोटो सोर्स-

Bhuvan Chandra Khanduri Funeral: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से.नि) को आज हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी।

सेना और पुलिस ने दिया 'गार्ड ऑफ ऑनर'

अंतिम संस्कार के दौरान सेना और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। इसके बाद उनके पुत्र श्री मनीष खंडूरी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्मों को पूरा किया।

देश और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति- सीएम धामी

इस भावुक क्षण पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए एक ऐसी क्षति है जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में हमेशा पारदर्शिता और अनुशासन के साथ काम किया। वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे और एक अभिभावक के रूप में उनकी कमी हमेशा खलेगी।

सादगी और ईमानदारी की मिसाल थे खंडूड़ी जी- मनोहर लाल खट्टर

केंद्रीय विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी की मिसाल था। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया। सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचारों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान हमेशा प्रेरणादायक रहेगा और पूरा देश उन्हें याद रखेगा।

अंतिम विदाई में उमड़ा दिग्गजों का हुजूम

इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र/पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय बहुगुणा , डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, श्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, महामंत्री संगठन श्री अजेय कुमार, सांसद श्री अनिल बलूनी, श्री अजय भट्ट , कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री सतपाल महाराज, डॉ .धन सिंह रावत, श्री गणेश जोशी, श्री सौरभ बहुगुणा, श्री मदन कौशिक, श्री प्रदीप बत्रा, श्री खजान दास, विधायकगण, संतगण मौजूद थे।