
शनिवार शाम देवरिया के हेतिमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भुजौली इंटर कॉलेज के सामने एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी भीम सोनकर और उनकी पत्नी धनवता देवी शनिवार शाम करीब 4 बजे बाइक से गोरखपुर लौट रहे थे। जब वे महुआडीह थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भुजौली इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
वाहन की टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे भीम सोनकर सड़क के एक तरफ गिर गए, जबकि उनकी पत्नी सड़क के दूसरी तरफ गिर पड़ीं। इसी दौरान टक्कर मारने वाला वाहन धनवता देवी के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद घायल पति भीम सोनकर को एंबुलेंस से हाटा पीएचसी भेजा गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घरवालों को सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। दंपती के बेटे सुमित और बेटी निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Updated on:
14 Dec 2024, 10:19 PM IST
Published on:
14 Dec 2024, 10:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.