
जल्द लांच हो रही आयुष्मान स्वास्थ्य बीमा योजना, जाने कहां किसे मिलेगा लाभ
धमतरी. जिले में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आयुष्मान स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। यहां स्वास्थ्य सुविधा के लिए कुल 24 निजी अस्पताल अनुबंधित हैं, जहां यह देखा जा रहा है कि नई योजना के तहत यह अस्पताल मानकों पर खरा उतर पाएगी या नहीं।
उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त से देश में आयुष्मान स्वास्थ्य बीमा योजना लांच हो रही है, जिसके दायरे में धमतरी जिले के 37 हजार परिवार भी आएंगे। इन परिवारों को सालाना 5 लाख रुपए तक देशभर में किसी भी चुनिंदा अस्पताल में इलाज करा सकते हैं। योजना के उद्देश्य को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने धमतरी में इसकी प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी है। सीएमओएच के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की चार अलग-अलग टीम शहर समेत कुरूद व अन्य क्षेत्रों के निजी अस्पतालों की जांच-पड़ताल कर रही है। गौरतलब है कि इस स्कीम के तहत परिवार के हर सदस्य को बीमा का फायदा मिलेगा। इस योजना का लाभ सही लोगों तक पहुंचाया जा रहा है या नहीं, इस पर नजर रखने के लिए एक काउंसिल का भी गठन किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित तीन टीमों ने विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण किया। टीम में सिविल सर्जन डा. पीसी ठाकुर, डा. फूलमाली, डा. एआर ठाकुर, डा. ध्रुव समेत ड्रग इस्पेक्टर आदि सम्मिलित है। अस्पतालों में इलाज के लिए विशेषज्ञ डाक्टर, उचित उपकरण, ओटी, माइनर ओटी समेत मेल, फीमेल और शिशु रोग वार्ड में तय मानकों की पड़ताल की।
सीएमओ डा. डीके तुर्रे ने कहा कि आयुष्मान योजना 15 अगस्त से लागू होगी। इसमें चयनित परिवार को 5 लाख तक नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए विभाग की टीम निजी और सरकारी अस्पतालों में तय मानकों की पड़ताल में जुटी है।
Published on:
30 Jul 2018, 12:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.