
परिवार से परेशान होकर युवक भागा था घर से, पुलिस ने तमिलनाडु से लाकर वापस छोड़ा घर
धमतरी . वनांचल के बेधवापथरा गांव से लापता युवक को दुगली पुलिस ने तमिलनाडू से ढूंढकर वापस लाया है। डाक्टरी मुलाहिजा के बाद गुरूवार को पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। यह मामला जिले के दुगली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि बेधवापथरा निवासी देवजी निषाद (25) पिता मन्नूलाल बीते 13 अप्रैल 2019 को सुबह घर से बिना बताए कहीं चला गया था ।
परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कहीं नहीं मिला। इसके बाद दुगली थाना पहुंचकर उसके गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने जब अपनी जांच शुरू की, तब पता चला कि वह तमिलनाडू में है। इसके बाद एसडीओपी नगरी नितीन ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस की एक टीम तमिलनाडू पहुंची। यहां स्थानीय पुलिस की मदद से देवजी निषाद को ग्राम जंगलपट्टी (तैयनी) से ढूंढ निकाला।
पूछताछ में देवजी ने बताया कि वह पारिवारिक परेशानी के चलते यहां चला आया था। टीआई डीएस नेताम ने बताया कि देवजी से आवश्यक पूछताछ करने के बाद उसका डॉक्टरी मुलाहिजा कराया गया। इसके बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
Click & Read More Chhattisgarh News.
Updated on:
25 Oct 2019 04:14 pm
Published on:
25 Oct 2019 04:14 pm
