
धमतरी के स्कूलों में छुट्टी, प्रतीकात्मक फोटो
Dhamtari School Holiday: बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत सिस्टम के कारण प्रदेश के सभी जिलों में अच्छी बारिश हो रही है। दूसरी ओर लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। धमतरी में हो रही मूसलाधार बारिश से कई स्कूलों में पानी भर गया है। वहीं नदी नाले उफान पर है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने नगरी ब्लाक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।
धमतरी में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। नगरी ब्लॉक के कई स्कूलों में घुटनों तक पानी भरा हुआ है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस हालात को देखते हुए शिक्षा विभाग ने अवकाश घोषित किया है। वहीं, नगरी क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में जारी मूसलाधार के कारण नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में हालातों को देखते हुए जिलों में स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी किए जा रहे हैं। दूसरी ओर आज मुख्यमंत्री दिल्ली जाने से पहले सभी जिला कलेक्टरों को बाढ़ के हालातों से निपटने के लिए अलर्ट किया। सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगर किसी भी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनती है तो जरूरतमंदों को त्वरित सहायता पहुंचाई जाएं।
बंगाल की खाड़ी और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से पूरे प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 48 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटों में राज्य के सभी संभागों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। रायपुर में 34.8 मिमी पानी गिरा, जबकि चांपा, जांजगीर, नगरी, राजिम और पिथौरा सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है। हालांकि व्यापक बारिश के बावजूद प्रदेश में अब तक औसत से 18 फीसदी कम पानी बरसा है, जिसे मौसम विज्ञानी सामान्य मान रहे हैं।
Updated on:
29 Jul 2026 03:54 pm
Published on:
29 Jul 2026 03:54 pm
