
Bhojshala ASI Survey : मध्य प्रदेश में धार जिले में स्थित ऐतिहासिक भोजशाला वर्सेज कमाल मौला मस्जिद में हाईकोर्ट के आदेश के बाद से जारी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) टीम के सर्वे का सोमवार को 95वां दिन गुजरा। एएसआई टीम द्वारा सर्वे कार्य उत्तरी भाग में किया गया। इसमें 4 पुरावशेष मिले हैं। इनमें सबसे अहम ये कि खुदाई के दौरान जमीन से भगवान नारायण की मूर्ति और भोजशाला की दीवारों और स्तंभों के तीन अवशेष हैं। अब सर्वे पूरा होने में सिर्फ तीन दिन का समय बाकी है। 27 जून को सर्वे का अंतिम दिन है।
इसके बाद सर्वेक्षण टीम को 1 जुलाई तक पूरे दस्तावेज तैयार करने हैं और 2 जुलाई को इसकी एक संयुक्त रिपोर्ट मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में पेश करनी है। सोमवार को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक उत्तरी दिशा में सर्वे कार्य किया गया। जबकि, आज मंगलवार होने के चलते भोजशाला मंदिर में हिंदू पक्ष द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है। इसी के चलते सुबह 11 बजे तक सर्वे कार्य नहीं होगा।
भोजशाला मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान बड़ा दावा करते हुएकहा कि खुदाई में भगवान चतुर्भुज नारायण की छोटी मूर्ति निकली है।। यह सफेद पाषाण की है। बाकी 3 अवशेष भोजशाला की दीवारों और स्तंभों के भी निकले हैं। गर्भगृह में अवशेषों की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी का कार्य किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ मुस्लिम पक्षकार और कमाल मौलाना वेलफेयर सोसाइटी के सदर अब्दुल समद का कहना है कि पिछले 2 दिन से खुदाई के दौरान मानव हड्डियां निकल रही हैं। इनको लेकर हमने जो मांग रखी थी, उसके तहत एएसआई की टीम ने निकाली गई हड्डियों को दोबारा से दफ्ना दिया है। विभाग ने पूरी प्रक्रिया करते हुए ये कार्य किया।
इस सर्वे से कई साल पहले उत्तरी भाग में एएसआई को फर्श की सफाई और मलबा हटाने पर जो अवशेष मिले, उनको उत्तरी भाग में रखा गया था। इनको करीब 10 दिन पहले सर्वे के दौरान दूसरी जगह रखना पड़ा, लेकिन अब इनको कंक्रीट की दीवार के पास पुरा संग्रहालय की तर्ज पर रखने का काम किया जा रहा है। 153 पुरावशेषों रखने के लिए स्टैंड बनाए जा रहे हैं।
Updated on:
25 Jun 2024, 9:29 AM IST
Published on:
25 Jun 2024, 9:08 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.