
BJP leader Jaibhan Singh Pawaiya -जयभान सिंह पवैया- image- patrika.com
Jaibhan Singh Pawaiya - अयोध्या में श्रीराम मंदिर का चंदा चोरी करनेवालों के प्रति जहां आमजनों का गुस्सा बढ़ रहा है वहीं बीजेपी नेता भी इसके खिलाफ खुलकर बोल रहे हैं। कट्टर सनातनी के रूप में जाने जाते बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने भी इसके विरोध में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने श्रीराम का चंदा चुरानेवालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ऐसे लोगों को भगवान भी माफ नहीं करेंगे। हालांकि जयभानसिंह पवैया ने इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने की बात कहते हुए नाराजगी भी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कुछ राजनीतिक लोगों और सोशल मीडिया द्वारा अयोध्या को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है ताकि राम भक्त अयोध्या न जा पाएं।
जयभान सिंह पवैया मंगलवार को भोजशाला में दर्शन के लिए पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के बाद भोजशाला के लिए हिंदुओं ने लंबा संघर्ष किया। जयभान सिंह पवैया ने कहा कि इस लड़ाई में मिली जीत की पूरे देश के सनातन समाज में खुशी है। उन्होंने सरस्वती लोक बनाने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव की घोषणा का जिक्र करते हुए उनका आभार भी व्यक्त किया। पवैया ने कहा कि भविष्य में हिंदू धर्म के आस्था से जुड़े धार्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा।
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चंदा चोरी पर जयभान सिंह पवैया ने गुस्सा जताया। उन्होंने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि अयोध्या को लेकर कुछ राजनीतिक और तथाकथित सोशल मीडिया द्वारा एक भ्रम पैदा किया जा रहा है ताकि राम भक्त अयोध्या न जाएं। साजिशन इस तरह का नॉरेटिव फैलाया जा रहा है लेकिन इससे अयोध्या और भगवान श्रीराम की महिमा कम नहीं हो सकती।
जयभान सिंह पवैया ने कहा कि अयोध्या के मामले में एसआईटी गठित हो चुकी है। जांच भी शुरू हो गई है। जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। पवैया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन लोगों ने अपराध किया उन्हें भगवान राम सजा देंगे।
जयभान सिंह पवैया का अयोध्या के श्रीराम मंदिर आंदोलन में गहरा योगदान है। विहिप और बजरंग दल के नेता के रूप में उन्होंने कई आंदोलन और प्रदर्शन किए थे। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के समर्थन में जयभान सिंह पवैया देशभर में घूमे। यही कारण है कि उनकी हार्डकोर हिंदूवादी नेता के रूप में छवि बनी। जयभान सिंह पवैया बाद में मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान की सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री भी बने। वे सन 2013 से 2018 तक मंत्री रहे।
जयभान सिंह पवैया को मध्यप्रदेश में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शुमार किया जाता है। ग्वालियर-चंबल अंचल की राजनीति में तो उनका खासा दबदबा रहा है। जयभान सिंह पवैया ग्वालियर से लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं।
Updated on:
30 Jun 2026 12:26 pm
Published on:
30 Jun 2026 12:24 pm
बड़ी खबरें
View Allधार
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
