29 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dhar news: ‘हमें पढ़ाई नहीं, जाति याद दिलाई जाती…’, स्कूल ड्रेस में बच्चों ने की टीचर्स की शिकायत

Teachers' complaint: सांदीपनि विद्यालय में कथित जातिगत टिप्पणी से नाराज आदिवासी छात्र-छात्राओं ने 10 किमी. पैदल मार्च कर कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
2 min read
Google source verification

धार

image

Astha Awasthi

Jul 29, 2026

Teachers' complaint: बच्चों ने की शिकायत (Photo Source - Patrika)

Teachers' complaint: बच्चों ने की शिकायत (Photo Source - Patrika)

Dhar news:एमपी के धार जिले के तिरला ब्लॉक के ग्राम ज्ञानपुरा स्थित सांदीपनि विद्यालय में कथित जातिगत भेदभाव से नाराज आदिवासी विद्यार्थियों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। स्कूल ड्रेस में दर्जनों छात्र-छात्राएं करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना दिया। विद्यार्थियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर विद्यालय की शिक्षिका दीपिका सक्तावत पर पढ़ाई के दौरान जातिगत टिप्पणी कर अपमानित करने का आरोप लगाया। साथ ही प्राचार्य सीमा मिश्र पर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने और छात्रों को डराने-धमकाने के आरोप लगाते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

90 प्रतिशत छात्र-छात्राएं आदिवासी वर्ग से

आदिवासी छात्र संगठन के बैनर तले पहुंचे विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में करीब 90 प्रतिशत छात्र-छात्राएं आदिवासी वर्ग से हैं और पिछले लगभग एक वर्ष से उन्हें कथित रूप से जातिगत टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि रसायन शास्त्र की शिक्षिका पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों से कहती हैं कि वे आदिवासी है, मजदूरी करने के लिए पैदा हुए हैं, पढ़-लिखकर नौकरी नहीं कर सकते और केवल गोबर उठाने के योग्य है। विद्यार्थियों का कहना है कि लगातार ऐसी टिप्पणियों से उनका आत्मविश्वास प्रभावित हो रहा है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

इधर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग पारूल जैन ने विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी शिकायत सुनी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं

प्रदर्शन के दौरान आदिवासी छात्र संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश डामर भी मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए छात्रों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। संगठन ने शिक्षिका के तत्काल निलंबन के साथ प्राचार्य और संबंधित बीईओ को भी हटाने तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। विद्यार्थियों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि भोजन की गुणवत्ता खराब है और शिकायत करने पर छात्रावास से बाहर करने की धमकी दी जाती है।

शिक्षिका को किया अटैच

20 जुलाई को विद्यार्थियों की शिकायत प्राप्त हुई थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रस्ताव बनाकर वरिष्ठ कार्यालय भेज दिया गया था। शिक्षिका को बीईओ कार्यालय अटैच किया गया है। आगे की कार्रवाई वरिष्ठ स्तर से होना है। - सीमा मिश्र, प्राचार्य, सांदीपनि विद्यालय, ज्ञानपुरा

विद्यार्थियों का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उनकी मांग के अनुसार शिक्षिका को विद्यालय से हटाने की प्रक्रिया भी की जा रही है। - पारूल जैन, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, धार