
Indore-Dahod Rail Project (Photo Source: AI Image)
Indore-Dahod Rail Project: बहुप्रतीक्षित इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत इंदौर-धार रेलखंड पर काम तेज गति से जारी है। रेलवे स्टेशन निर्माण सहित ट्रैक बिछाने का 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार पीथमपुर के समीप टीही सुरंग में फिनिशिंग और पटरी बिछाने का कार्य पूरा होते ही इंदौर से धार के बीच लगभग 55 किलोमीटर का ट्रैक तैयार हो जाएगा।
इस रूट पर मार्च माह में ट्रायल प्रस्तावित है। बीते दिन केन्द्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती और रेलवे इंजीनियरों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष ट्रॉली में बैठकर रेलवे स्टेशन तक पहुंचकर ट्रैक और निर्माणाधीन ढांचों का जायजा लिया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक धार रेलवे स्टेशन का कार्य करीब 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। यहां तीन प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं। यात्रियों के लिए वेटिंग रूम, टिकट घर, एक प्लेटफॉर्म से दूसरे तक पहुंचने के लिए अंडरग्राउंड मार्ग, पानी की टंकी और इलेक्ट्रॉनिक पोल की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। यदि तय समयसीमा में शेष कार्य पूर्ण हो जाता है तो मार्च में ट्रायल के साथ ही इंदौर-धार रेलखंड क्षेत्र की विकास यात्रा में नया अध्याय जोड़ देगा।
निरीक्षण के दौरान रेल पटरियों की मजबूती, स्टेशन भवन, तकनीकी ढांचे और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया। कहा कि केंद्र सरकार देशभर में आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यह परियोजना उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा परियोजना पूर्ण होने के बाद धार-महू लोकसभा क्षेत्र सहित आसपास के जिलों को बेहतर, सुरक्षित और तेज रेल सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। किसानों और विद्यार्थियों के आवागमन में सुविधा होगी तथा हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
Published on:
26 Feb 2026 05:46 pm
बड़ी खबरें
View Allधार
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
