
अस्पताल में भर्ती घायल (फोटो-पत्रिका)
धौलपुर। जिले के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हुसैनपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 11बी पर एक कार सड़क किनारे खड़े लोडिंग टेंपो से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में वाहन में सवार करीब 15 लोग घायल हो गए। हादसे के दौरान सड़क पर खड़ा एक युवक भी कार की चपेट में आ गया, जिससे वह भी घायल हो गया।
घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का उपचार जारी है। अचानक बड़ी संख्या में घायल पहुंचने से अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ को भी बुलाया गया, जिसके बाद घायलों का इलाज शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की यमुना ब्रिज कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं। वे परिवार और परिचितों के साथ करौली जिले में स्थित कैला देवी मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान हुसैनपुर के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोडिंग टेंपो से जा भिड़ी।
हादसे में घायल हुए लोगों में नरेंद्र, अनीता, राखी, सचिन, तारकेश, पवन, कृष्ण, लवली, कीर्ति, मिथलेश, रोशन लाल, विष्णु और मदन सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार का अनियंत्रित होकर खड़े वाहन से टकराना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Published on:
05 Mar 2026 10:54 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
