
62 केन्द्रों पर प्रीडीएलएड परीक्षा आयोजित 1417 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
धौलपुर. जिले में रविवार को आयोजित प्रीडीएलएड परीक्षा शांतिपूर्वक तरीके से सम्पन्न होने पर विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली। परीक्षा के जिला नोडल अधिकारी कृष्णवीर सिंह ने बताया कि जिले में बनाए गए 62 केन्द्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 18523 अभ्यॢथयों ने ही भाग लिया। परीक्षा रविवार को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक हुई जिसमें परीक्षा केन्द्रों पर जांच के बाद डेढ़ बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
जिला मुख्यालय पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के कार्यालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष से अभ्यर्थियों की परेशानियों का निरंतर समाधान किया गया जिससे अभ्यर्थी सुगमता से अपने परीक्षा केन्द्रों पर पंहुच सके। जिले के सभी 62 परीक्षा केन्द्रों के लिए 12 प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किए गए थे जिनमें से प्रत्येक प्र्राधिकृत अधिकारी को 5 से 6 परीक्षा केन्द्रों की जिम्मेदारी दी गई थी। परीक्षा सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर 1046 वीक्षक नियुक्त किए गए थे। इस परीक्षा में कुल 19940 अभ्यर्थियों को भाग लेना था लेकिन इनमें से 1417 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सबसे अधिक 165 अभ्यर्थी सैपऊ में अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान जिला नोडल अधिकारी, सह नोडल अधिकारी मणिकान्त दुबे, जिला पर्यवेक्षक प्रदीप उपाध्याय व संभागीय पर्यवेक्षक महेश गुप्ता ने अपने-अपने दलों के साथ जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया।
नहीं दिखाई दिए परीक्षार्थी पूछताछ केन्द्र
प्रशासन ने परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यॢथयों की सुविधा के लिए अनेक प्रकार की व्यवस्थाएं की थीं लेकिन धरातल पर उनके उपलब्ध ना होने से अभ्यर्थी भटकते नजर आए। शहर के बस स्टैण्ड, रेल्वे स्टेशन तथा गुलाब बाग चौराहे पर निर्देशों के बावजूद कोई परीक्षार्थी पूछताछ केन्द्र नहीं बना जिससे परीक्षार्थी जानकारी के लिए इधर-उधर भटकते रहे। इसी प्रकार परीक्षा केन्द्रों की सूची भी इन स्थानों के अलावा सभी थानों, होटलों, धर्मशालाओं एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाने थे लेकिन कहीं भी ऐसी व्यवस्था नजर नहीं आई।
नगर परिषद, नगर पालिका एवं पंचायत समितियों को उनके क्षेत्र में आने वाले परीक्षा केन्द्रों पर दिशा लगाने एवं उनके मुख्य द्वारों पर सफेदी डालने को भी कहा गश था लेकिन धहर के प्रमुख व सबसे बड़े परीक्षा केन्द्र महाराणा स्कूल व गल्र्स सकूल पर भी ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में दूर-दराज व अन्य जिलों से आए परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र तलाशते देखे गए।
Published on:
27 May 2019 12:55 pm
