
धौलपुर।
आखातीज पर जहां पूरे प्रदेश में शादी समारोह की धूम रही वहीं धौलपुर में एक शादी समारोह में ऐसा विघ्न पड़ा कि दुल्हन के हाथों की रची मेहंदी बेकार हो गई। शहर के एक मैरिज गार्डन में मंगलवार को शादी समारोह में वरमाला के समय दहेज की मांग ( Dowry Case in Rajasthan ) करने पर दुल्हन ने हिम्मत दिखाते हुए बारात को वापस लौटा दिया। इस मामले की सूचना दुल्हन के परिजनों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुल्हन पक्ष से पूछताछ के बाद आरोपित दूल्हे व उसके परिजनों को पकडऩे के प्रयास शुरू कर दिए है।
जानकारी के अनुसार रिश्ता डॉट कॉम पर तय हुआ था। डॉक्टर दुल्हन का इंजीनियर दूल्हा से शादी का समारोह धूमधाम से चल रहा था। तभी दूल्हे के पिता ने फेरों से पहले दहेज की मांग कर डाली। जिससे शादी में विघ्न पड़ गया और दहेज ना मिलने पर शादी भी रूक गई। मामला बढ़ता देख दूल्हे का पिता परिवार सहित महिला थाने पहुंचा।
वहीं एक ओर बाल विवाह ( child marriage ) रोकने के सरकार की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन यह प्रयास धौलपुर में दम तोड़ते नजर आ रहे है। जिला मुख्यालय से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर अक्षया तृतीया पर कई बाल विवाह हो गए। इस दौरान सूचना मिलने के बाद भी प्रशासनिक लापहवाही का होना सामने आ रहा है। हालांकि मौके पर पहुंची महिला कल्याण अधिकारी की ओर से दो बाल विवाह रोके जाने का दावा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार महिला कल्याण अधिकारी कनुप्रिया कौशिक को सूचना मिली कि रीको क्षेत्र के जंगल इलाके में एक मंदिर पर एक एनजीओ की ओर से सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यहां मौके पर पाया कि छायांकन जन चेतना एवं जन कल्याण समिति की ओर से यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम कराया जा रहा है। इस दौरान करीब 25 जोड़ों की शादियां हो रही थी। इस संबंध में अनुमति के बारे में जानकारी जुटाई गई, तो कोई भी जानकारी नहीं मिली। इस दौरान जोड़ों के आवेदन पत्रावली की जांच की गई तो उनमें जन्मतिथि ना लिखकर मेडीकल संलग्न किया हुआ था। महिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस दौरान किए गए भौतिक सत्यापन में करीब एक दर्जन से अधिक युवतियों का 18 वर्ष से कम उम्र की होना सामने आया, इस दौरान युवतियों से उम्र के बारे में भी पड़ताल की गई, लेकिन कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इस दौरान दो किशोरियों की उम्र 18 वर्ष से कम थी, जिनका विवाह रूकवाया गया।
Published on:
08 May 2019 11:08 am
