11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बजरी माफिया…कमाई का सीजन, सैकड़ों टन का स्टॉक

- चंबल किनारे बीहड़ और गांवों में जगह-जगह जमा की अवैध बजरी - चंबल में बरसात में बहाव तेज होने पर बजरी निकासी हो जाती है बंद

2 min read
Google source verification
बजरी माफिया...कमाई का सीजन, सैकड़ों टन का स्टॉक Gravel mafia...earning season, stock of hundreds of tons

- चंबल किनारे बीहड़ और गांवों में जगह-जगह जमा की अवैध बजरी

- चंबल में बरसात में बहाव तेज होने पर बजरी निकासी हो जाती है बंद

धौलपुर. मानसूनी बरसात शुरू होने से पहले बजरी माफिया अब बीहड़ से सटे इलाकों में चंबल की अवैध प्रतिबंधित बजरी का स्टॉक करने में जुटा है। जिले में चंबल से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में माफिया दिन-रात बजरी निकाल कर खेत से लेकर बीहड़ और डांग इलाके में बजरी का भंडारण कर रहा है। इसकी वजह बरसाती सीजन में चंबल से बजरी निकासी कार्य ठप पड़ जाना है। चंबल से करीब दो से तीन माह बजरी निकासी पूरी तरह बंद रहती है। यानि सितम्बर माह के अंत में फिर से चंबल नदी किनारे से बजरी निकलती है, लेकिन इससे पहले बजरी माफिया जिले के राजाखेड़ा, धौलपुर शहर और बसई डांग समेत बाड़ी क्षेत्र के चंबल नदी से लगे इलाकों में जेसीबी मशीनों से बजरी निकाल अपने ठिकानों पर स्टॉक करवाने में जुटे हैं। यह बजरी स्टॉक लाखों रुपए का होता है। जो अगले तीन माह बजरी माफिया की चांदी करेगा।

खेत से लेकर बीहड़ तक में करते हैं स्टॉक

बजरी माफिया बरसात के दौरान चंबल की अवैध बजरी का मई-जून माह से ही स्टॉक करना शुरू कर देता है। बजरी को माफिया सुरक्षित ठिकानों पर जमा करते हैं। इसमें ज्यादातर ग्रामीण इलाके हैं, जो चंबल से सटे हैं। इसमें धौलपुर में कोतवाली क्षेत्र में कई स्थानों पर स्टॉक किया जाता है। इसके अलावा राजाखेड़ा, दिहौली क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर बजरी भण्डारण होता है। वहीं, बसई डांग और बाड़ी क्षेत्र में भी माफिया बजरी जमा करता है।

बरसाती सीजन में बजरी से मोटी कमाई

बरसात के सीजन में नदियों से बजरी निकासी करीब-करीब बंद हो जाती है। ऐसे में बजरी माफिया स्टॉक में से मुंह मांगे दामों पर बजरी बेचते हैं। विशेषकर ठेकेदार, रेलवे संवेदक और बड़े बिल्डर्स बजरी मंगवाते हैं। धौलपुर से बजरी आगरा, भरतपुर इलाके में सर्वाधिक सप्लाई होती है। यहां आगरा में प्रवेश करते ही बिल्डिंग मटैरियल की दुकानों के आगे बजरी बिछी पड़ी है।

एक हजार टन अवैध बजरी की नष्ट

पुलिस ने गत 20 जून के शहरी क्षेत्र में गुजर्र कॉलोनी में छापेमारी कर बड़े स्तर पर अवैध बजरी का स्टॉक नष्ट कराया था। पुलिस ने जेसीबी मशीनों से बजरी का करीब 1 हजार टन अवैध स्टॉक को नष्ट कराया था। मौके से कुछ टन बजरी जब्त कर रिजर्व पुलिस लाइन भिजवाई थी। साथ ही मौके से दो ट्रेक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया था।

बजरी माफिया से बढ़ रहा टकराव

अवैध बजरी परिवहन को लेकर पुलिस सख्ती के चलते पिछले कुछ दिनों से माफिया के साथ लगातार टकराव हो रहा है। गत दिनों शहर के निहालगंज थाना अंतर्गत औडेला रोड पर बजरी माफिया ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर भाग निकले। इसी तरह गत दिनों सैंपऊ रोड पर एसपी की क्राइम बैठक में से लौट रहे सैंपऊ थानेदार की गाड़ी से बजरी ले जा रहे ट्रेक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मारने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दो बजरी माफिया के लोग घायल हो गए।............

इनका कहना है-

अवैध चंबल बजरी परिवहन को लेकर लगातार कार्रवाई जारी है। गत दिनों शहर से सटे एक स्थान पर बड़े बजरी स्टॉक को नष्ट कराया गया।

- सुमित मेहरड़ा, पुलिस अधीक्षक, धौलपुर