
जमीनी विवाद पर फायरिंग, एक की मौत, दो गंभीर
जमीनी विवाद पर फायरिंग, एक की मौत, दो गंभीर
-एक ही परिवार के लोगों में हुआ विवाद
-कंचनपुर थाना इलाके के गांव अतराज का पुरा की घटना
बाड़ी/कंचनपुर. उपखण्ड क्षेत्र के अतिराजपुरा गांव के छिंगा के अड्डा पर गुरूवार देर रात एक ही परिवार के दो पक्षों में जमीनी विवाद को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में एक जने की मौत हो गई व दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार कंचनपुर थाना क्षेत्र के अति राजपुरा के छिंगा के अड्डा पर एक ही परिवार के कई लोग अपने-अपने परिवार के साथ रहते है। गुरुवार देर रात जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े में जमकर फायरिंग भी हुई। जिसमें एक पक्ष के सोनू, देशराज और देवेंद्र में गोली लग गई, घायलों को इलाज के लिए बाड़ी अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के दौरान देशराज पुत्र बचन सिंह की मौत हो गई, जबकि सोनू पुत्र रामवीर, देवेंद्र पुत्र बचन सिंह को गंभीर घायलावस्था में आगरा के लिए रैफर किया गया। घटना को लेकर पीडि़त पक्ष के विजय सिंह पुत्र बचन सिंह ने कंचनपुर थाने में तहरीर में गांव के मान सिंह के पुत्रों और अन्य करीब एक दर्जन लोगों द्वारा घात लगाकर हमला करने का आरोप लगाया है।
मोर्चरी के बाहर लगी लोगों की भीड़, पुलिस कर रही जांच .
घटना के बाद जब मृतक के शव को बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी पर रखवाया गया। यहां शुक्रवार सुबह से ही ग्रामीणों का पहुंचना शुरू हो गया और कुछ ही देर में यहां भीड़ जमा हो गई। करीबन 11बजे कंचनपुर पुलिस और चिकित्सकों ने परिजनों की तहरीर पर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद मृतक के परिजन और रिश्तेदारों के साथ ग्रामीण शव को लेकर गांव अतराजपुरा रवाना हुए। इस दौरान बसेड़ी रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो गई ।
पहले भी हो चुके झगड़े
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है दो पक्ष एक ही परिवार के है और जमीनी विवाद को लेकर पिछले कई वर्षों से इनमें झगड़ा चल रहा है। पूर्व में भी कई बार दो पक्ष आमने-सामने हो चुके है। लेकिन समझाइश के बाद मामला शांत हो गया। लेकिन गुरूवार रात को झगड़े ने बड़ा रूप ले लिया और एक पक्ष ने फायरिंग कर दी।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम का शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। गांव की तनाव की स्थिति के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।
सुमन सिंह, थाना प्रभारी कंचनपुर
Published on:
04 Jan 2019 07:00 pm
