
Dholpur Train Fire (Patrika Photo)
Dholpur Train Fire: धौलपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बचा। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से पंजाब के लुधियाना जा रही दुर्ग-लुधियाना एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15549) के जनरल कोच में अचानक आग लग गई।
गनीमत रही कि ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्स मैन की नजर समय रहते आग पर पड़ गई, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई। यह घटना सुबह करीब 5:52 बजे की है। ट्रेन धौलपुर स्टेशन से बिना रुके (नॉन-स्टॉपेज) गुजर रही थी। तभी वहां तैनात पॉइंट्स मैन ने देखा कि जनरल कोच के ब्रेक पेडल से भयंकर धुआं और आग की लपटें निकल रही हैं।
खतरे को भांपते हुए पॉइंट्स मैन ने तुरंत हरी झंडी की जगह लाल झंडी लहरा दी। ट्रेन के पायलट ने इमरजेंसी सिग्नल देखते ही गाड़ी को स्टेशन के आउटर पर रोक दिया। यदि पॉइंट्स मैन मुस्तैदी न दिखाता, तो तेज रफ्तार ट्रेन में आग विकराल रूप ले सकती थी।
आग की खबर फैलते ही कोच में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन रुकते ही यात्री आनन-फानन में अपना सामान छोड़कर नीचे कूदने लगे। ट्रेन में सफर कर रहे यात्री सुनील कुमार ने बताया कि कोच के पैरदान के पास लपटें देख सब डर गए थे, लेकिन समय पर ट्रेन रुकने से सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर रामवीर मीना और तकनीकी इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भीषण गर्मी के चलते ब्रेक बाइंडिंग (ब्रेक जाम होना) की वजह से पेडल में घर्षण हुआ और आग लग गई। ट्रेन में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
करीब 38 मिनट तक तकनीकी जांच और मरम्मत के बाद, सुबह 6:30 बजे ट्रेन को आगरा के लिए रवाना किया गया। यह ट्रेन ग्वालियर के बाद सीधे आगरा कैंट रुकती है, लेकिन आपात स्थिति के कारण इसे धौलपुर आउटर पर रोकना पड़ा। अधिकारियों की सजगता ने एक बड़े जान-माल के नुकसान को रोक लिया है।
Updated on:
29 Apr 2026 10:19 am
Published on:
29 Apr 2026 10:19 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
