
विधायक जी... आखिर चोरपुरा गांव का नाम कब बदलेगा
विधायक जी... आखिर चोरपुरा गांव का नाम कब बदलेगा
-40 वर्षों से लगा रहे है गुहार
- जनसुनवाई में ग्रामीणों ने फिर बताई पीड़ा
बसेड़ी. विधायक बनने के बाद पहली बार जनसुनवाई करने के लिए पहुंचे खिलाड़ी लाल बैरवा से चोरपुरा के ग्रामीणों ने गांव का नाम बदलने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि 40 वर्षों से उनकी इस मांग पर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों ने लगातार अनसुनी की है। अब वे जानना चाहते हैं कि आखिर उनके गांव का नाम चोरपुरा कब बदलेगा।
यहां पंचायत समिति परिसर में मंगलवार को खिलाड़ी लाल बैरवा जनसुनवाई के लिए पहुंचे। इस दौरान क्षेत्र के गांव चोरपुरा के ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि गांव का नाम लेने में उन्हें शर्म आती है। उन्होंने कहा कि सामाजिक रिश्ते नातों में भी उन्हें गांव का नाम लेने में समस्या होती है। इस दौरान विधायक ने लोगों की जनसमस्याएं सुनीं। लोगों ने बिजली-पानी-सड़क चिकित्सा से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। इसके अलावा बड़ी संख्या में खाद्य सुरक्षा में नाम जुड़वाने के लिए लोग जनसुनवाई में पहुंचे।
विधायक ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि 7 दिवस के अंदर जो भी व्यक्ति की समस्या है उसका निराकरण हो जाना चाहिए। किसी भी सूरत में आम आदमी की समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की मौके पर ही अधिकारियों को हिदायत दी।
इस दौरान विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी कि बिना किसी कारण के बिजली की कटौती नहीं करें। पानी की समस्या के निस्तारण के लिए समय पर हैंडपंपों की मरम्मत हो। बिजली, पानी, कृषि, खाद्य विभाग, चिकित्सा विभाग सहित अन्य अधिकारियों ने सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दुर्गा दत्त शास्त्री, पूर्व प्रधान लाखन सिंह, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सिंह परमार, उपखंड अधिकारी केशव कुमार, नायब तहसीलदार अलका श्रीवास्तव, सहायक अभियंता गिरिराज सिंह, सरपंच हरि सिंह परमार, रामदीन कुशवाहा, दिलीप सिंह, सुरेश सिंह, शैलू गुर्जर, धूर्मेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
विधायक से यह रखी मांग
जनसुनवाई के दौरान विधायक से उम्मेद गिरी ने स्कूल में रोके गए बिलों के भुगतान, राकेश सिंह परमार सामाजिक कार्यकर्ता ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय अतरसुमा को क्रमोन्नत कराने तथा टुनिया पुरा के ग्रामीणों ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत कराने तथा खनपुरा के ग्रामीणों ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को राजकीय माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत कराने की मांग रखी। इसके अलावा नादनपुर सरपंच मानसिंह परमार ने सरकारी भूमि पर बने हुए मकानों को आबादी में लिए जाने की मांग रखी। पुटपुरा के राधेश्याम ने बिजली कनेक्शन कराने जाने की मांग रखी। सियाराम गर्ग ने कस्बे के 11केवी हाईटेंशन बिजली की लाइन को आबादी क्षेत्र को शिफ्ट किए जाने की मांग रखी। इसके अलावा बरेली में राशन डीलर दिलीप सिंह पर राशन वितरण न कर अनियमितताओं में बरते जाने की शिकायत की। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण इलाके से लोगों की भीड़-भाड़ का माहौल भी बना रहा।
उनका कहना है
गांव का नाम सुरपुरा से कैसे बदला जा सकता है इसकी प्रक्रिया के लिए उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जो भी समस्याएं हैं उनके समाधान के लिए अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिए गए हैं।
-खिलाड़ी लाल बैरवा, स्थानीय विधायक
Updated on:
29 Jan 2019 10:15 pm
Published on:
29 Jan 2019 10:15 pm
