
धौलपुर। धौलपुर के राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के मनिया गांव में राहुल गांधी ने भाजपा की राज्य और केन्द्र सरकार पर जमकर प्रहार किए। लेकिन इस बार भी राहुल अपनी जुबान पर काबू नहीं रख पाए और उनकी जुबान कई बार फिसलती नजर आई। राहुल गांधी की जुबान किसानों की कर्ज माफी की रकम बताने के दौरान कई बार फिसली। उन्होंने पहले कर्जमाफी की रकम तीन लाख करोड़ बताई। फिर यह रकम साढ़े तीन लाख करोड़ बताई। बाद में इसी मुद्दे पर बोलते हुए फिर तीन लाख करोड़ बताई अंत में साढ़े तीन लाख करोड़ बताई। राहुल की बार-बार फिसली जुबान सभा में चर्चा का विषय बन गई और लोग कई तरह की टिप्पणियां करते रहे।
गरीब के लिए एक भी योजना नहीं
केन्द्र की यूपीए सरकार ने किसानों का 70 हजार करोड़ रुपए कर्जा माफ किया, लेकिन आज प्रधानमंत्री कर्जा माफ करने के सवाल पर एक शब्द नहीं बोल रहे। मोदी सरकार में किसान के लिए दरवाजे बंद हैं, लेकिन अमीरों के लिए नहीं। राहुल ने कहा कि 4 से 5 हजार लोगों के लिए बनाई जा रही बुलेट ट्रेन पर एक लाख करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। जबकि रेलवे का वार्षिक बजट ही मात्र डेढ़ लाख करोड़ रुपए है। बुलेट ट्रेन की पर खर्च की राशि से गांव-गांव रेलवे लाइन पहुंच जाती। राहुल ने निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में गुण्डागर्दी का राज है। बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया, लेकिन भाजपा के विधायक ही दुष्कर्म कर रहे हैं। अब तो यह नारा हो, बेटी पढ़ाओ और भाजपा के विधायकों से बेटी बचाओ। आज गुजरात से दूसरे राज्यों के युवाओं को मारकर भगाया जा रहा है।
इन्होंने कहा कुछ ऐसा...
अब सूद सहित बदला लेगी जनता : पायलट
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश की जनता पौने पांच साल से पीडि़त है। अब सूद सहित बदला लेगी। सीएम ने वसूली के धंधे को बढ़ाया है। खान आवंटन और अवैध बजरी खनन कारोबार को बढ़ावा दिया है। बिजली में राहत की बात मुख्यमंत्री अब कर रही हैं। सरकार ने किसान-गरीब की सुध नहीं ली। धक्का ही मारा है।
महलों और होटलों में रहीं मुख्यमंत्री: गहलोत
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि हम गंगापुर-सरमथुरा को नेरोगेज रेलवे लाइन से जोडऩा चाहते थे। लेकिन हमारी सरकार जाते ही उसे बंद कर दिया गया। साढ़े चार साल प्रदेश की मुख्यमंत्री जनता से मिली नहीं। सर्किट हाउस में ठहरी नहीं, महल और बड़े होटलों में ही रुकीं। ऐसे में वसुंधरा के प्रति लोगों में भारी आक्रोश है।
Updated on:
10 Oct 2018 02:25 pm
Published on:
10 Oct 2018 02:25 pm
