
फोटो - AI
Rajasthan School : राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए शिक्षा विभाग अलर्ट हो गया है। बच्चों को हीटवेव से बचाने के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में दैनिक दिनचर्या से लेकर आवागमन, हाइड्रेशन, भोजन, सहज कक्षा, पोशाक और प्राथमिक चिकित्सा सुविधा तक का विस्तार से उल्लेख है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने स्कूलों को खुले में खेल, प्रशिक्षण या कैम्प आयोजित न करने, प्रार्थना सभा छायादार जगह पर या कक्षाओं में कम समय में करने की हिदायत दी है। बच्चों को भारी बस्तों से निजात दिलाने के लिए केवल आवश्यक पाठ्यपुस्तकें लाने और छुट्टी के समय भी छाया व ठंडे पानी की व्यवस्था रखने को कहा गया है। आवागमन के लिए खुले वाहनों से स्कूली बच्चों का परिवहन नहीं करने, स्कूल बसों में फर्स्ट एड किट और पीने का पानी उपलब्ध रखने तथा क्षमता से अधिक विद्यार्थी न बैठाने पर जोर दिया गया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने कहाकि विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए शुद्ध व शीतल पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, तीन बार 'वाटर बेल' लगाने और शिक्षकों द्वारा प्रत्येक कालांश में पानी पीने की याद दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। कक्षा कक्ष हवादार हों, पर्याप्त पंखे हों, और धूप से बचाव के लिए खिड़कियों में पर्दे या गत्ते का उपयोग करने को कहा गया है।
विद्यार्थियों को ढीले और सूती कपड़ों की यूनिफॉर्म पहनने, टाई से छूट तथा कपड़े या कैनवास के जूते पहनने की अनुमति दी गई है। विद्यालयों में प्राथमिक उपचार किट में ओआरएस सहित आवश्यक दवाएं रखने और निकटतम अस्पताल के फोन नंबर प्रदर्शित करने को भी अनिवार्य किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ डूंगरपुर में शिक्षा विभागीय परीक्षाएं, राजस्थान बीकानेर के निर्देशानुसार प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र परीक्षा कक्षा 8 व प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन कक्षा 5 के परीक्षा परिणाम उपरांत पूरक परीक्षा योग्य घोषित परीक्षार्थी 14 मई तक आवेदन मय अंक तालिका विद्यालय में जमा करवा सकेंगे। डाइट प्रधानाचार्य लक्ष्मीकान्त चौबीसा ने जिले के सभी राजकीय व निजी विद्यालयों के संस्था प्रधानों को आदेशित किया है कि सभी संस्था प्रधान कक्षा 8 व 5 के परीक्षार्थियों की अंक तालिका शाला दर्पण पोर्टल से डाउनलोड कर छात्रों को परीक्षा परिणाम के बारे में जानकारी दें।
जिला बोर्ड प्रभारी सौरभ पहाड़ ने बताया कि आवेदन पत्र, पोर्टल जनरेटेड अंक तालिका, समेकित सूची संबंधित विद्यालय के संस्था प्रधान 16 मई तक संबंधित ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को जमा कराए एवं 18 मई को वाहक स्तर से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डूंगरपुर में जमा कराएंगे।
Updated on:
05 May 2026 03:01 pm
Published on:
05 May 2026 03:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
