
डूंगरपुर. रेलवे की मालगाड़ी से लॉडिग-अनलोडिग का फाइल फोटो। पत्रिका
Railways Big Gift : राजस्थान के बागड़ क्षेत्र के आर्थिक विकास को रफ्तार देने वाली बड़ी सौगात इसी साल डूंगरपुर को मिलने जा रही है। रेलवे की ओर से डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर बहुप्रतीक्षित गुड्स सर्विस शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यदि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा हुआ, तो दीपावली से पहले ही डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ियों का ठहराव शुरू हो जाएगा और यहां से सामान की दुलाई सेवा प्रारंभ हो जाएगी।
गुड्स सेवा शुरू होने के बाद डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सलूम्बर और प्रतापगढ़ जिले के व्यापारियों, किसानों और उद्योगों की बड़ा लाभ मिलेगा। अब खाद, बीज, अनाज, सीमेंट, सोपस्टीन, मार्बल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए उदयपुर और चित्तौड़गढ़ जैसे बड़े स्टेशनों पर निर्भरता कम होगी। कंपनियां सीधे डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर माल उतार उतार सकेंगी, जहां से यह सामग्री संबंधित जिलों तक आसानी से पहुंचाई जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस सुविधा के शुरू होने से इन जिलों का माल देशभर के करीब 600 रेलवे नेटवर्क से जुड़े शहरों तक भेजा जा सकेगा। इससे वागड़ क्षेत्र के खनिज उत्पादों, विशेषकर सोपस्टोन, मार्बल और सीमेंट उद्योग को नई बाजार पहुंच मिलेगी। भविष्य में इस सेवा को डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जोड़ने की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे तेज और समयबद्ध माल परिवहन संभव हो सकेगा।
डूंगरपुर रेलवे स्टेशन को गुड्स सर्विस के लिए तैयार करने के लिए करीब 5.50 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। स्टेशन परिसर के समीप गुड्स प्लेटफॉर्म, कार्यालय भवन, टीन शेड और अन्य बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जा रहा है।
रेलवे ने इस परियोजना की अंतिम समय सीमा 31 दिसंबर तय की है। पर, निर्माण एजेंसी और रेलवे अधिकारियों का दावा है कि अक्टूबर तक कार्य पूरा कर रेलवे को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद रेलवे मंत्रालय की ओर में गुड्स सर्विस कार्यालय की स्वीकृति और स्टाफ नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।
गुड्स सर्विस शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मालगाड़ियों से सामान उतारने और लोडिंग-अनलोडिंग के लिए बड़ी संख्या में मजदूर, सुपरवाइजर और तकनीकी कर्मचारियों की जरूरत होगी। साथ ही ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी मजबूती मिलेगी। डूंगरपुर में वेयरहाउसिंग की मांग तेजी से बढ़ेगी। बड़ी कंपनियां यहां अपने गोदाम स्थापित कर सकती हैं। जिससे लॉजिस्टिक हब के रूप में डूंगरपुर की पहचान मजबूत होगी।
गुड्स सेवा के लिए रेलवे स्टेशन पर 7000 मीटर लंबा विशेष प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही 500 मीटर लंबा टीन शेड भी बनाया जा रहा है, जिससे बारिश, गर्मी और सदी में माल सुरक्षित रखा जा सकेगा। मजदूरों के लिए विश्राम कवर, कार्यालय भवन तथा ट्रकों में समान की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए अलग व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।
गुड्स सर्विस के लिए प्लेटफॉर्म और शेड का कार्य तेजी से चल रहा है। उर्वरक, अनाज और अन्य सामान की मालगाड़ियों की लोडिंग-अनलोडिंग यहां आसानी से हो सकेगी। यह सेवा क्षेत्र के विकास, रोजगार और आर्थिक उन्नयन में सहायक साबित होगी।
चंद्रशेखर आजाद, अतिरिक्त इंजीनियर (एडीएन), रेलवे डूंगरपुर
Updated on:
04 May 2026 01:28 pm
Published on:
04 May 2026 11:37 am
बड़ी खबरें
View Allडूंगरपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
