
CG Election 2023: 91 हजार का गड्ढा पाट 2.75 लाख वोटों से जीती भाजपा
दुर्ग। CG Election News: पिछली विधानसभा चुनाव में जिले के 6 में से 5 सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार बनाई, लेकिन सिर्फ 6 माह के अंतराल में ही जिले के 3 लाख 67 हजार से ज्यादा मतदाताओं को मूड बदल गया। दरअसल कांग्रेस ने जिले के सभी 6 विधानसभाओं को मिलाकर 2018 के चुनाव में 91 हजार 766 मतों से जीत दर्ज की थी, लेकिन इसके तत्काल बाद कराए गए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने न सिर्फ यह गड्ढा पाट लिया बल्कि सभी 6 विधानसभाओं में जीत दर्ज करते हुए 2 लाख 75 हजार से ज्यादा मतों का अंतर बना लिया।
नवंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जिले के वैशाली नगर को छोड़कर शेष सभी 5 विधानसभाओं में कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज की थी। इनमें भी भिलाई नगर को छोड़ दें तो पाटन, दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण व अहिवारा में जीत का अंतर 25 हजार से ज्यादा ही रहे। इसके बाद अप्रैल 2019 में कराए गए लोकसभा के चुनाव में नतीजे बिल्कुल उलट गए। भाजपा ने न सिर्फ विधानसभा का गड्ढा पाट लिया, बल्कि सभी 5 विधानसभा कांग्रेस से छिनते हुए रिकॉर्ड 2 लाख 75 हजार 484 मतों के अंतर से जीत भी दर्ज कर ली।
जिले में 2018 के विधानसभा में जिले के 6 सीटों पर कांग्रेस को 4 लाख 19 हजार 800 वोट मिले थे। जबकि भाजपा के खाते में 3 लाख 28 हजार 34 वोट आए थे। इस तरह कांग्रेस ने 91 हजार 766 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। वहीं लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को महज 2 लाख 78 हजार 173 वोट मिले, जबकि भाजपा के खाते में 5 लाख 53 हजार 657 वोट आए। इस तरह भाजपा को 2 लाख 75 हजार 484 वोट ज्यादा मिले।
सभी छह विस को मिलाकर
दल विधानसभा लोकसभा
कांग्रेस 419800 278173
भाजपा 328034 553657
अंतर 91766 (कांग्रेस) 275484 (भाजपा)
वैशाली नगर- दुर्ग-अहिवारा, जितने वोट उससे बड़ी हार
लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस को जिले के 3 विधानसभा क्षेत्र में जितने वोट मिले उससे भी कहीं ज्यादा से पराजय का सामना करना पड़ा। सर्वाधिक खराब स्थिति वैशाली नगर में रही। यहां कांग्रेस को 43199 वोट मिले। जबकि 64913 वोट से पराजय का सामना करना पड़ा। इसी तरह दुर्ग शहर में कांग्रेस को 40334 वोट मिले व हार का अंतर 59347 रहा। अहिवारा में 47971 वोट मिले वहीं हार का अंतर 57739 रहा।
साजा, बेमेतरा व नवागढ़ में बड़ी हार
दुर्ग लोकसभा में बेमेतरा के 3 विधानसभा क्षेत्र भी आते हैं। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इन तीनों सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन लोकसभा में तीनों सीट पर भाजपा की बढ़त रही। साजा में कांग्रेस विधानसभा में 31 हजार 535 मतों से आगे रही, लेकिन लोकसभा में भाजपा 30 हजार 762 वोट से आगे हो गई। इसी तरह बेमेतरा में 25 हजार 131 मतों से कांग्रेस की जीत 42 हजार 131 वोट से भाजपा की जीत में बदल गई। नवागढ़ में भी कांग्रेस ने विधानसभा में 33 हजार 220 वोटों से जीत दर्ज की थी, लेकिन भाजपा ने लोकसभा में 37 हजार 680 वोट से यहां जीत दर्ज की।
Published on:
25 Oct 2023 06:43 pm
बड़ी खबरें
View Allदुर्ग
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
