
आपकी जरूरत की चीजें होंगी सस्ती, खुद पीएम मोदी ने दिए संकेत, GST में होगा बड़ा बदलाव
नई दिल्ली। आम आदमी को महंगाई से राहत देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकेत दिए हैं कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) बहुत जल्द सरल हो सकता है। एक निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि 99 फीसदी सामान या चीजें जीएसटी के 28 फीसदी कर स्लैब से हटकर 18 फीसदी के कर स्लैब में रहें।
28 फीसदी कर स्लैब में केवल लक्जरी उत्पाद
मोदी ने कहा कि जीएसटी लागू होने से पहले केवल 65 लाख उद्यम पंजीकृत थे, जिसमें अब 55 लाख की वृद्धि हुई है। 'आज, जीएसटी व्यवस्था काफी हद तक स्थापित हो चुकी है और हम उस दिशा में काम कर रहे हैं जहां 99 फीसदी चीजें जीएसटी के 18 फीसदी कर स्लैब में आएं।' उन्होंने संकेत दिया कि जीएसटी का 28 फीसदी कर स्लैब केवल लक्जरी उत्पादों जैसी चुनिंदा वस्तुओं के लिए होगा।
भ्रष्टाचार पर लोगों की धारणा बदली
भ्रष्टाचार पर प्रधानमंत्री ने कहा, भारत में भ्रष्टाचार को सामान्य मान लिया गया था। जब भी कोई आवाज उठाता था तो सामने से आवाज आती थी 'यह भारत है'। यहां ऐसा ही चलता है। उन्होंने कहा कि जब कंपनियां कर्ज चुकाने में नाकाम रहतीं तो उनके और उनके मालिकों के साथ कुछ नहीं होता था। ऐसा इसलिए क्योंकि कुछ 'विशेष लोगों' द्वारा उन्हें जांच से सुरक्षा मिली हुई थी। लेकिन अब ऐसा नहीं है। भारतीय लोगों की भ्रष्टाचार के प्रति विचारधारा बदल गई है।
Read the Latest Business News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले Business News in Hindi की ताज़ा खबरें हिंदी में पत्रिका पर।
Published on:
18 Dec 2018 05:40 pm
