
File Photo
Bihar STET 2025: बिहार में माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) का आयोजन एक बार फिर होने जा रहा है। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) को परीक्षा आयोजित करने की स्वीकृति दे दी है और आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं। अब बोर्ड जल्द ही आवेदन प्रक्रिया से लेकर परीक्षा तिथि तक की घोषणा करेगा। संभावना है कि यह परीक्षा नियोजित शिक्षकों की तीसरे चरण की सक्षमता परीक्षा के बाद कराई जाएगी।
बिहार के कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए STET पास करना अनिवार्य है। परीक्षा समिति ने इससे पहले शिक्षा विभाग से दिशा-निर्देश मांगे थे, जिस पर विभाग ने परीक्षा कराने की मंजूरी दे दी है। विभाग चाहता है कि इस परीक्षा से BPSC की शिक्षक भर्ती (चौथे चरण) के लिए पर्याप्त योग्य अभ्यर्थी मिल सकें। बिहार में एसटीईटी पहली बार 2011 में आयोजित की गई थी। इसके बाद यह परीक्षा 2019 और 2023 में कराई गई थी।
STET Paper 1(माध्यमिक स्तर) के अंतर्गत ये सभी विषय होंगे। जिसमें हिन्दी, उर्दू, बांग्ला, मैथिली, संस्कृत, अंग्रेजी, भोजपुरी, गणित, भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, राजनीति विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, संगीत, नृत्य, ललित कला और विशेष शिक्षा शामिल है। वहीं STET Paper 2 (उच्च माध्यमिक स्तर) के लिए हिन्दी, उर्दू, बांग्ला, मैथिली, संस्कृत, अंग्रेजी, भोजपुरी, गणित, भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान, अरबी, फारसी, कंप्यूटर विज्ञान, कृषि और संगीत विषय के परीक्षा होंगे।
चौथी बार आयोजित हो रही एसटीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए कुछ शैक्षणिक और आयु संबंधी मानदंड तय किए गए हैं।
पेपर 1 (कक्षा 9-10 के लिए): अभ्यर्थी को ग्रेजुएशन में न्यूनतम 50% अंक और बीएड अनिवार्य है। वहीं पेपर 2 (कक्षा 11-12 के लिए) अभ्यर्थी को पोस्ट ग्रेजुएशन में कम से कम 50% अंक के साथ बीएड होना आवश्यक है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को परीक्षा पास करने के लिए न्यूनतम 50% अंक लाना होगा। वहीं एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थी के लिए न्यूनतम 45% अंक तय किया गया है।
आयु सीमा की बात करें तो सामान्य वर्ग के पुरुष के लिए अधिकतम 37 वर्ष और
सामान्य वर्ग की महिलाएं, पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग के लिए 40 वर्ष तय किया गया है। साथ हीअनुसूचित जाति और जनजाति के अभ्यर्थी के लिए 42 वर्ष है।
Updated on:
15 May 2025 09:34 am
Published on:
15 May 2025 09:34 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
