
Drishti IAS Coaching Delhi: दिल्ली का मुखर्जीनगर पूरे भारत में यूपीएससी की तैयारी के लिए मशहूर है। देश के हर कोने से यहां छात्र आते हैं और सीएसई परीक्षा की तैयारी करते हैं। सिविल सेवा परीक्षा के लिए ये बेस्ट इलाका माना जाता है। हालांकि, हाल ही में कोचिंग में हुए हादसे के बाद से सभी कोचिंग इंस्टीट्यूट्स पर खतरा मंडराने लगा है। ओल्ड राजेंद्र नगर हो या मुखर्जी नगर, सभी कोचिंग इंस्टीट्यूट्स MCD की रडार पर हैं। दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (MCD) बेसमेंट में चलने वाले कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई कर रही है। इस सिलसिले में देश के मशहूर कोचिंग संस्थान दृष्टि आईएएस को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ा, जिसके बाद अब यह कोचिंग संस्थान दिल्ली के मुखर्जी नगर से नोएडा शिफ्ट हो रहा है।
द प्रिंट की एक खबर के अनुसार, दृष्टि आईएएस (Drishti IAS) के अलावा कई अन्य कोचिंग संस्थान भी दिल्ली से नोएडा शिफ्ट होने पर विचार का रहे हैं। इसकी वजह पश्चिमी दिल्ली इलाके में बिगड़ते इन्फ्रॉस्ट्रक्चर और सुधार की कमी बताई जा रही है। नोएडा में पर्याप्त खाली जगह के कारण ये और भी आसान हो जाएगा।
राजेंद्र नगर में हुए हादसे (Coaching Accident) के बाद से कई कोचिंग क्लासेज बंद हैं। कोचिंग के बंद होने से न सिर्फ छात्रों को परेशानी हो रही है बल्कि इसने मालिकों, व्यवसायियों, मकानमालिकों को भी चिंता में डाल दिया है। दृष्टि से पहले भी कई कोचिंग संस्थान करोल बाग और वजीराबाद जैसे इलाकों में शिफ्ट हो गए। दृष्टि आईएएस (Drishti IAS) के एक सीनियर मैनेजमेंट मेंबर ने आशंका जाहिर की कि निकट भविष्य में मुखर्जीनगर वीरान हो सकता है, क्योंकि अधिकांश कोचिंग संस्थानों को यहां से बाहर जाना पड़ेगा। अधिकांश इमारतें सरकारी मापदंड को पूरा नहीं करती हैं। यहां का इन्फ्रॉस्ट्रक्चर फायर एंड सेफ्टी एनओसी के लिए जरूरी नियमों को पूरा नहीं कर सकता।
यहां आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मुखर्जी नगर में चलने वाले 100 से अधिक कोचिंग फायर एंड सेफ्टी के मापदंडों को पूरा नहीं करते हैं। 27 जुलाई को दिल्ली स्थित RAU’s आईएएस कोचिंग (IAS Coaching) में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी, जिसके बाद से करीब 20 कोचिंग संस्थान के बेसमेंट को सील कर दिया गया है।
Updated on:
23 Aug 2024, 12:44 PM IST
Published on:
23 Aug 2024, 12:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.