
Five9 Layoffs: कोरोनाकाल के बाद से आईटी सेक्टर में छंटनी का जो दौर शुरू हुआ है, वो थमने का नाम नहीं ले रहा। एक के बाद एक बड़ी कंपनी कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। वहीं अब मशहूर कॉल सेंटर सॉफ्टवेयर कंपनी फाइव9 (Five9) ने अपने वर्कफोर्स में लगभग 7 फीसदी की कटौती का ऐलान किया है। कंपनी के इस फैसले का बुरा असर 200 से ज्यादा कर्मचारियों पर पड़ सकता है।
फाइव9 (Five9 Layoffs) के सीईओ माइक बर्कलैंड (Mike Burkland) ने एक ईमेल जारी करके कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। साथ ही फाइव9 ने रेगुलेटरी फाइलिंग में भी इसका ऐलान किया है। कंपनी के सीईओ ने लिखा कि हमें अपने कुछ कर्मचारियों को निकालने का कठिन निर्णय लेना पड़ रहा है। बर्कलैंड ने इस छंटनी को दुखद बताया। साथ ही कहा कि हमें अपने कुछ अच्छे साथियों को खुद से अलग करना पड़ रहा है। हालांकि, कंपनी के लिए नई रणनीति पर काम करने के लिए ऐसा करना जरूरी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कंपनी को इस छंटनी (IT Layoffs) के कारण कर्मचारियों को 1.2 करोड़ डॉलर से लेकर 1.5 करोड़ डॉलर तक देने पड़ेंगे। यह पैसा कंपनी तीसरी और चौथी तिमाही में उपलब्ध करा देगी। फाइव9 के साथ लगभग 1400 कंपनियां जुड़ी हुई हैं। कंपनी में लगभग 2684 परमानेंट कर्मचारी हैं। इनमें से करीब 200 लोगों को घर भेज दिया जाएगा। बर्कलैंड ने कहा कि हमें प्रॉफिट के साथ ग्रोथ बरकरार रखनी है। साथ ही शेयरहोल्डर्स को भी संतुष्ट रखना है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी इस छंटनी के जरिए लगभग 3.5 करोड़ डॉलर बचा सकेगी। इससे कंपनी का मुनाफा लगभग 20 फीसदी बढ़ सकता है। इसके अलावा कंपनी AI पर भी काम कर सकेगी। एआई की मदद से वह अपना कारोबार भी बढ़ा पाएंगे।
Updated on:
23 Aug 2024, 10:11 AM IST
Published on:
23 Aug 2024, 10:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.