
गृहमंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)
सहारनपुर. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सहारनपुर में मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पूर्व की सरकारों में सहारनपुर से पलायन होता था, लेकिन भाजपा की सरकार में पलायन करवाने वाले खुद पलायन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अब माफिया राज खत्म हो चुका है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश जी कहां से चश्मा लाए हैं, उन्हें विकास के काम नहीं दिखते हैं। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव सीएम थे तब तंज कसते हुए कहते थे कि मंदिर बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। आज मोदी-योगी के प्रयास से अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे।
पिछली सरकार के पास विकास का एजेंडा नहीं था : सीएम योगी
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित करते हुए कहा कि जहां परिवारवाद, जातिवाद और वंशवाद होगा, वहां विकास नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हस्त कला, औद्योगिक गतिविधियों विख्यात सहारनपुर की दशकों पुरानी मांग आज पूरी हो गई है। अब सहारनपुर का भी अपना विश्वविद्यालय होगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के पास विकास का एजेंडा नहीं था। सहारनपुर में 92 करोड़ की लागत से 50.43 एकड़ में मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा।
सीसीएसयू के तीन जिलों के 27 फीसदी कॉलेज मां शाकुंभरी से जुड़ेंगे : धर्मेंद्र प्रधान
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अब यूपी में विश्वविद्यालय और महाविद्यालय खोले जा रहे हैं। साथ ही आवागमन के लिए अच्छे रास्तों का निर्माण हो रहा है। किसानों के बैंक खाते में भी लगातार पैसा आ रहा है। सरकार ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। इसी को सुशासन कहते हैं। उन्होंन कहा कि सहारनपुर में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ यहां के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के द्वार खुलेंगे। इसके साथ ही एक हजार कॉलेजों के बोझ से दबी सीसीएसयू को भी राहत मिलेगी। सीसीएसयू के तीन जिलों के 27 फीसदी कॉलेज और 30 फीसदी विद्यार्थी यहां शिफ्ट हो जाएंगे।
Published on:
02 Dec 2021 03:54 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
