
Manipur Assembly Elections Result 2022
Manipur Assembly Elections Result 2022 : मणिपुर विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो चुकी है। मणिपुर विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस के लिए यह चुनाव सिर्फ मणिपुर चुनाव में हार-जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर के लिए महत्वपूर्ण है। मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव संपन्न हुए। मणिपुर में पहले चरण का मतदान 28 फरवरी को संपन्न हुआ है। इस चरण में 38 सीटों पर करीब 78.03 फीसद वोटिंग हुई। इसके बाद दूसरा और अंतिम चरण का मतदान पांच मार्च को हुआ है। मणिपुर के दूसरे चरण में 22 सीटों के लिए 76.04 वोटर्स ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अभी मणिपुर में बीजेपी की सरकार है।
265 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला
मणिपुर की 60 सीटों पर इस बार कुल 265 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 56 यानी 21% उम्मीदवारों ने पांचवीं से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई की है। 205 यानी 77% उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनकी शैक्षिक योग्यता स्नातक है। चार प्रत्याशी डिप्लोमा होल्डर हैं। प्रत्याशियों की उम्र देखें तो 32 यानी 12% उम्मीदवारों की आयु 25 से 40 साल के बीच है, जबकि 181 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनकी उम्र 41 से 60 साल के बीच है। 50 उम्मीदवारों की आयु 61 से 80 साल के बीच है। दो उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिनकी उम्र 80 साल से अधिक है।
यह भी पढ़ें - Manipur Assembly Elections Result 2022: 3 बार के सीएम ओकराम से लेकर बिरेन सिंह तक, इन हॉट सीट पर होगा रोचक मुकाबला
करोड़पति उम्मीदवार
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 2.51 करोड़ रुपये है। मणिपुर इलेक्शन वॉच एंड एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने हाल में एक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मणिपुर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में चुनाव लड़ने वाले सभी 173 उम्मीदवारों के स्वयं-शपथ पत्रों का विश्लेषण किया है। हमारे चुनावों में धन बल की भूमिका इस तथ्य से स्पष्ट होती है कि सभी प्रमुख राजनीतिक दल धनी उम्मीदवारों को टिकट देते हैं। प्रमुख दलों में एनपीपी से विश्लेषण किए गए 27 उम्मीदवारों में से 21 (78%), भाजपा से विश्लेषण किए गए 38 उम्मीदवारों में से 27 (71%), कांग्रेस से विश्लेषण किए गए 35 उम्मीदवारों में से 18 (51%) और जद (यू) के विश्लेषण किए गए 28 उम्मीदवारों में से एक ने 1 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है।
यह भी पढ़ें - Manipur Assembly Elections Result 2022: इस बार महिलाओं के पास मौका, रच सकती है इतिहास
निर्दलीय उम्मीदवार सपम निशिकांत सिंह सबसे अमीर
इम्फाल पश्चिम के केसामथोंग निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार सपम निशिकांत सिंह हैं, जिनकी कुल घोषित संपत्ति 29 करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं सेकमई (एससी) निर्वाचन क्षेत्र से राकांपा उम्मीदवार निंगथौजम पोपिलाल सिंह ने अपने शपथ पत्र में शून्य संपत्ति घोषित की है।
इन पर क्रिमिनल केस
मणिपुर चुनाव के लिए 265 उम्मीदवारों में से 52 का आपराधिक इतिहास है, इसमें सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी के हैं। CEO मणिपुर की रिपोर्ट के मुताबिक, फेज-1 और फेज-2 दोनों चुनावों में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 52 उम्मीदवार हैं। पहले चरण के 36 उम्मीदवारों में भाजपा के साथ 12, INC-8, NCP-3, NPP-4, JDU-7, RPI (A)- 2 में आपराधिक इतिहास है। दूसरे चरण की बात करें तो 16 उम्मीदवारों में भाजपा-3, INC-4, NCP-3, JDU-4, RPI (A)-1, शिवसेना-1 से एक पर क्रिमिनल केस है।
16 प्रतिशत के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि पहले चरण के चुनाव में विश्लेषण किए गए 173 उम्मीदवारों में से 37 (21%) उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि 27 (16%) ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं।
2017 का चुनाव समीकरण
साल 2017 मणिपुर विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने कुल 60 सीटों में से 28 पर जीत हासिल की थी। वहीं बीजेपी को 21 सीटों से ही संतोष करना पड़ा था, लेकिन निर्दलीयों और कांग्रेस के बागी विधायकों के दम पर बीजेपी सरकार बनाने में सफल रही। 2017 विधानसभा चुनावों में एनपीएफ ने चार, एनपीईपी ने चार, टीएमसी ने एक, निर्दलीय ने एक सीट जीती थी।
Updated on:
10 Mar 2022 08:47 am
Published on:
10 Mar 2022 06:53 am

बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
