
Tamil Nadu Assembly Elections 2021: DMK से सीएम दावेदार स्टालिन की उम्मीदवारी से कोलत्तूर फिर चर्चा में
संतोष तिवारी @चेन्नई.
परिसीमन के बाद 2008 में अस्तित्व में आया कोलत्तूर विधानसभा क्षेत्र राज्यभर में चर्चित है। यहां से डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन लगातार तीसरी बार विधानसभा में पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। स्टालिन डीएमके नीत गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भी हैं।
स्टालिन के अलावा कोलत्तूर की खास पहचान यहां का सजावटी मछली उद्योग है। विधानसभा क्षेत्र के करीब ढाई लाख मतदाताओं में अधिकांश मध्यम एवं निम्न मध्यम आयवर्ग के हैं। 1984 से स्टालिन थाउजेंड लाइट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते रहे। 2011 में उन्होंने कोलत्तूर का रुख किया जब विलीवाक्कम एवं पुरुषवाक्कम से अलग कर इसे नया विधानसभा क्षेत्र बनाया गया। यहां से पहले चुनाव में स्टालिन बहुत ही कम वोटों के अंतर से सैदै दुरैसामी से चुनाव जीते। 2016 में यह अंतर बढ़ा और इस बार स्टालिन का मुकाबला अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी आदि राजाराम से है।
पुराने प्रतिद्वंद्वी एवं नए स्टालिन- 2006 के चुनावों में राजाराम ने थाउजेंड लाइट सीट पर स्टालिन को कड़ी टक्कर दी लेकिन 2468 वोटों से चुनाव हार गए। पेशे से वकील राजाराम को इस बार स्टालिन को हराने का पूरा विश्वास है। दूसरी तरफ स्टालिन अब डीएमके के अध्यक्ष हैं जबकि राजाराम कोलत्तूर के लिए नए चेहरा हैं। उनका कार्य दक्षिणी एवं मध्य चेन्नई तक ही सीमित रहा है। इस चुनाव में एएमएमके के जे. आरुमुगम एवं एमएनएम के ए.जगदीश कुमार भी भाग्य आजमा रहे हैं।
विधानसभा क्षेत्र में बहुत की कम उपस्थिति की कड़ी आलोचना के बावजूद स्टालिन को कई कार्यों का श्रेय है। तिरुविका नगर बस टर्मिनस के पास गवर्नमेंट कम्युनिटी हाल के पुनर्निर्माण में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यहां के एक वर्ग का कहना है कि विपक्ष में होने के बावजूद स्टालिन के कारण ही लाकडाउन के दौरान उन्हें वित्तीय सहायता मिली। डीएमके के कार्यकर्ता इस क्षेत्र में किए गए स्टालिन के कार्यों को गिना रहे हैं।
कुल मतदाता 2,82,299
पुरुष-1,38,181
महिला-1,44,050
अन्य-68
सार्वजनिक परिवहन की आवश्यकता
इस क्षेत्र में पेरियार नगर, कुमरन नगर एवं तिरुविका नगर तीन बस टर्मिनस हैं। छह वार्ड में 1000 गलियां हैं। विलीवाक्कम, माधावरम, पेरम्बूर एवं अम्बत्तूर तक फैले इस क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की महती आवश्यकता है। यहां गवर्नमेंट पेरीफेरल हास्पिटल को बड़े सरकारी अस्पतालों की तरह विकसित किए जाने की जरूरत है। जनता का एक वर्ग यहां की खाली पड़ी सरकारी भूमि के सही उपयोग, अतिक्रमण हटाने, पुलिस स्टेशन का निर्माण, ड्रेनेज सुविधा में सुधार एवं कोलत्तूर झील के विकास की मांग करता है।
Published on:
24 Mar 2021 03:51 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
