UP Election 2022 : यूपी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान (Third Phase Polling) में आज कुल 627 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी है, जिनमें से 245 प्रत्याशी करोड़पति (Crorepati Candidates) हैं। इस चरण में सपा के सर्वाधिक 52 प्रत्याशी करोड़पति हैं तो भाजपा के 48 प्रत्याशी करोड़पति हैं। जबकि बसपा के 46 और कांग्रेस ने 29 करोड़पति पर दांव लगाया है। इसी तरह आम आदमी पार्टी ने 18 को मैदान में उतारा है।
UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के तहत तीसरे चरण के मतदान (Third Phase Polling) में आज करीब 245 करोड़पति प्रत्याशी (Crorepati Candidates) चुनाव मैदान में हैं। जिनकी किस्मत आज दांव पर लगी है। इनमें मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनको चुनौती दे रहे केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल शामिल हैं। इनके अलावा पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव, राज्य मंत्री सतीश महाना, राम नरेश अग्निहोत्री, नीलिमा कटियार और रामवीर उपाध्याय साख भी दांव पर लगी है। बता दें कि तीसरे चरण में आज 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान किया जा रहा है। सत्तारूढ़ भाजपा के साथ सपा, बसपा और कांग्रेस के साथ कई छोटे दलों के करोड़पति दिग्गजों की किस्मत आज ईवीएम में बंद हो जाएगी। इसलिए आपके लिए जानना जरूरी है कि इस चरण में कौन करोड़पति है तो कौन सबसे गरीब नेता है।
उल्लेखनीय है कि आज तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, औरैया, कन्नौज, कानपुर, कानपुर देहात, झांसी, जालौन, ललितपुर, महोबा और हमीरपुर जिलों में वोट डाले जा रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 59 सीटों पर मतदान जारी है। एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, तीसरे चरण में कुल 2.15 करोड़ वोटर्स 627 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने घरों से पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं। इस चरण में कुल 15 हजार 553 मतदान केंद्रों के 25 हजार 741 पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिल रही है।
सपा के 52 तो भाजपा के 48 उम्मीदवार हैं करोड़पति
यूपी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार सपा के सर्वाधिक 52 प्रत्याशी करोड़पति हैं। इन सभी की संपत्ति 1 करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं, करोड़पति प्रत्याशियाें के मामले में भाजपा दूसरे नंबर पर है। इस चरण में भाजपा के 48 प्रत्याशी करोड़पति हैं। जबकि एडीआर की रिपोर्ट बताती है कि बहुजन समाज पार्टी भी करोड़पति प्रत्याशियों के मामले में ज्यादा पीछे नहीं है। बसपा के 46 उम्मीदवार करोड़पतति हैं। इसी तरह कांग्रेस ने 29 करोड़पतियों पर दांव लगाया है तो आम आदमी पार्टी ने भी 18 करोड़पति प्रत्यााशियों को चुनाव मैदान में उतारा है।
ये हैं सबसे अमीर प्रत्याशी
यूपी चुनाव के इस चरण में अगर सबसे अमीर प्रत्याशियों की बात करें तो सबसे अमीर सपा के यशपाल सिंह यादव के पास 70 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। यशपाल झांसी की बबीना सीट से प्रत्याशी हैं। जबकि दूसरे नंबर पर कानपुर की किदवाई नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजय कपूर 69 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
ये हैं सबसे गरीब प्रत्याशी
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, तीसरे चरण में कुल 627 प्रत्याशी उतरे हैं, जिनमें से कुल 245 करोड़पति हैं। इस तरह तीसरे चरण में कुल 39 फीसदी प्रत्याशी करोड़पति हैं। वहीं, सबसे कम पैसों वाले प्रत्याशियों की बात करें तो एटा की जलेसर विधानसभा सीट से दो निर्दलीय उम्मीदवार राजाबाबू और राहुल प्रताप सिंह ने संपत्ति शून्य दर्शायाी है। इस तरह दोनों इस चुनाव में सबसे गरीब प्रत्याशी हैं।
30 प्रत्याशी सिर्फ साक्षर
यूपी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की शिक्षा की बात करें तो एडीआर के अनुसार, 32 प्रतिशत 5वीं से 12वीं पास हैं। वहीं, 60 फीसदी ग्रेजुएट हैं। जबकि 30 प्रत्याशी सिर्फ साक्षर हैं।