
West Bengal Assembly Elections 2021: Election Commission told why violence occurred in Cooch Behar?
कोलकाता।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 ( West Bengal Assembly Elections 2021) के लिए चौथे चरण के मतदान में शनिवार को एक बड़ी हिंसक घटना घटी। कूचबिहार जिले के शीतलकूची विधानसभा के बूथ 126 पर हुई हिंसा की घटना में 4 लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। इस हिंसक घटना के बाद से राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और टीएमसी-भाजपा एक दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
वहीं, अब चुनाव आयोग ने इस हिंसा के पीछे की वजह बताई है। चुनाव आयोग ने बताया है कि शीतलकूची विधानसभा सीट के एक पोलिंग बूथ पर गोलीबारी की घटना स्थानीय लोगों द्वारा 'गलतफहमी' की वजह से सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने के बाद हुई।
यह भी पढ़ें :-West Bengal Assembly Elections 2021 ऑडियो चैट लीक होने पर प्रशांत किशोर ने जताई खुशी, कहा- भाजपा पूरी क्लिप जारी करे
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, शनिवार को चौथे चरण का मतदान शुरू होने के साथ ही तनाव की स्थिति देखी गई। हालांकि, सुबह से शीतलकूची विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 126 पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा था। पर करीब सुबह 9.45 बजे मतदान केंद्र के पास एक लड़का दिखाई दिया, जो बीमार था। जिसकी पहचान मानिक एमडी के तौर पर हुई है।
मतदान केंद्र के पास ही 2-3 तीन स्थानीय महिलाएं उसकी देखरेख कर रही थीं। इसी बीच बूथ पर मौजूद CISF के जवान ने मानिक के स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की और स्थानीय लोगों से कहा कि वे इन्हें पुलिस की गाड़ी से अस्पताल ले जाएं।
इसी बीच कुछ लोगों को गलतफहमी हो गई कि मानिक को CISF के जवान ने पीटा है। जिसके बाद कुछ लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इतने में शोर सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि 300-350 की संख्या में लोग बूथ पर पहुंच गए, जिनमें भारी संख्या में महिलाएं भी थी। ये सभी काफी गुस्से में थे।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, गुस्साई भीड़ ने CISF कर्मियों पर हमला कर दिया। बूथ पर रखे सामान को छीनने की भी कोशिश की। इस दौरान CISF के कई जवानों को चोटें भी आई। उत्तेजित भीड़ को काबू में करने के लिए क्यूआरटी वैन को मौके पर बुलाया गया, लेकिन बेकाबू भीड़ ने उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसके बाद स्थिति को बिगड़ता देख CISF के जवानों ने हवा में फायरिंग की और हालात को नियंत्रण में लिया। लेकिन गुस्साई भीड़ ने फिर से हमला बोल दिया। इसके बाद CISF ने ईवीएम और मतदान से जुड़ी अन्य सामाग्री को बचाने के लिए फायरिंग की। इस फायरिंग में चार युवकों को गोली लगी। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, फायरिंग की इस घटना में सात अन्य लोग घायल हो गए।
मृतक युवकों की पहचना 23 वर्षीय छलमु मिया, 20 वर्षीय जोबेद अली, 28 वर्षीय अमजाद हुसैन और 20 वर्षीय नमीद मिया के तौर पर हुई है। वहीं 50 वर्षीय बिनोय बर्मन, 38 वर्षीय अलोमगिरी, 14 वर्षीय लड़का मृणाल हक, 32 वर्षीय देवव्रत दास, 58 वषी्रय दिलीप कुमार, 45 वर्षीय अविजीत, और 43 वर्षीय महिला मिनती रॉय इस घटना में घायल हुईं हैं। बता दें कि कि CISF ने इस घटना को लेकर स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
Updated on:
10 Apr 2021 10:47 pm
Published on:
10 Apr 2021 10:43 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
