
'हीर रांझा' में रोहित सराफ की कास्टिंग (IMDb)
Heer Ranjha movie: फिल्ममेकर साजिद अली की आगामी फिल्म 'हीर रांझा' को लेकर लगातार चर्चाएं तेज हैं। हाल ही में आई कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि एक्टर रोहित सराफ फिल्म से जुड़ चुके हैं और उन्होंने शूटिंग भी शुरू कर दी है। अब इन खबरों पर खुद साजिद अली ने विराम लगाते हुए साफ किया है कि फिल्म की कास्टिंग अभी पूरी नहीं हुई है और रोहित सराफ को लेकर चल रही खबरें सही नहीं हैं।
रोहित सराफ की कास्टिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए साजिद अली ने कहा कि अभी तक किसी भी स्टार को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि ये पुरानी खबर दोबारा सामने आ गई है और उन्हें नहीं पता कि ये कहां से आई। दरअसल, साजिद ने ये भी स्पष्ट किया कि फिल्म की फीमेल लीड, जिसे एक नई एक्ट्रेस के रूप में पेश किए जाने की उम्मीद है, उसका चयन भी अभी बाकी है।
हलांकि, फिल्ममेकर ने बताया कि 'हीर रांझा' की शूटिंग अक्टूबर के मिड में शुरू होगी। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग देहरादून में की जाएगी और फिलहाल इससे पहले शूटिंग शुरू होने की कोई योजना नहीं है।
मेकर्स के अनुसार, साजिद अली के निर्देशन में बनने वाली 'हीर रांझा' को 'लैला मजनू' फ्रेंचाइजी का दूसरा चैप्टर माना जा रहा है। फिल्म क्लासिक प्रेम कहानी से प्रेरित होगी, लेकिन इसे आज के दौर के दर्शकों को ध्यान में रखकर नए अंदाज में पेश किया जाएगा।
निर्माताओं का कहना है कि ये फिल्म नई पीढ़ी के सामने प्रेम की कहानी को एक भावनात्मक और सिनेमाई अनुभव के रूप में पेश करेगी। फिल्म के टाइटल के एलान के बाद से ही 'लैला मजनू' के फैंस में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो रोहित हाल ही में फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में नजर आए, जिसमें उनके साथ जान्हवी कपूर, वरुण धवन और सान्या मल्होत्रा थे। इसके अलावा वो लोकप्रिय वेब सीरीज 'मिसमैच्ड' के चौथे और अंतिम सीजन में भी दिखाई दिए, जहां वो ऋषि के किरदार को दोहराते नजर आए और इस सीरीज में उनके साथ प्राजक्ता कोली डिंपल की भूमिका में हैं।
Updated on:
01 Aug 2026 05:36 pm
Published on:
01 Aug 2026 05:36 pm
