20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

‘मेरे देश के बच्चों पर हाथ मत उठाना!’ सोनम वांगचुक को हटाए जाने पर भड़कीं कविता कौशिक, सरकार से पूछे तीखे सवाल

Kavita Kaushik reacts to Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक को हटाए जाने के बाद कविता कौशिक ने सरकार पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मेरे देश के बच्चों पर हाथ मत उठाना ये शब्द न केवल एक चेतावनी हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में हो रहे अन्याय और मनमाने फैसलों के प्रति उनका गहरा विरोध भी हैं।
2 min read
Google source verification
Kavita Kaushik reacts to Sonam Wangchuk

कविता कौशिक ने अनशन पर दिया रिएक्शन (Instagram-ikavitakaushik/X-@choga_don)

Kavita Kaushik reacts to Sonam Wangchuk: टीवी शो 'एफआईआर' में चंद्रमुखी चौटाला के किरदार से फेमस हुईं एक्ट्रेस कविता कौशिक ने शिक्षा सुधार आंदोलन और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के सपोर्ट में अपनी आवाज बुलंद की है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में उन्होंने दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन कर रहे छात्रों और आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने की अपील की। उनका ये वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन और वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर देशभर में सुर्खियां तेज है।

अपनी ड्यूटी ही नहीं, बल्कि अपनी इंसानियत को भी याद रखें

वीडियो में कविता कौशिक ने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे सिर्फ अपनी ड्यूटी ही नहीं, बल्कि अपनी इंसानियत को भी याद रखें। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की भी परिवार, माता-पिता, बच्चे और अपने लोग होते हैं, इसलिए उन्हें ये समझना चाहिए कि प्रदर्शन कर रहे लोग भी इसी देश के नागरिक हैं।

कविता ने आगे कहा,"दिल्ली पुलिस से मेरा सिर्फ एक निवेदन है। आपके भी घर-परिवार हैं। अगर कभी आपके किसी अपने को मेडिकल इमरजेंसी हो, तो आप भी चाहेंगे कि उसका इलाज एक योग्य डॉक्टर करे। यही वजह है कि ये छात्र अपनी आवाज उठा रहे हैं।" कविता कौशिक ने ये भी अपील करते हुए कहा कि चाहे स्थितियां कैसी भी हों, प्रदर्शन कर रहे छात्रों और नागरिकों के खिलाफ बल प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। कविता कौशिक ने ये कहा,"मेरे देश के बच्चों पर हाथ मत उठाना, उन्हें चोट मत पहुंचाना। आदेश चाहे जो भी हो, अपने विवेक और इंसानियत का इस्तेमाल जरूर करना।"

जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार

दरअसल, जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन जारी है। पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार की मांग उठा रहे सोनम वांगचुक 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। बता दें, हाल के दिनों में आंदोलन ने तब और तूल पकड़ लिया जब प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जंतर-मंतर से उन्हें हटाने की कार्रवाई की।

इसी बीच, सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत भी चिंता का विषय बनी हुई है। उनकी पत्नी गीतांजलि अंगमो ने भी कहा है कि यदि आंदोलन की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाता है और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा का भरोसा मिलता है, तो वांगचुक अपनी भूख हड़ताल समाप्त करने पर विचार कर सकते हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर कई स्टार्स अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। कविता कौशिक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां कुछ लोग उनकी अपील का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इस मुद्दे पर अलग-अलग राय भी रख रहे हैं। फिलहाल आंदोलन और सोनम वांगचुक की सेहत दोनों पर देशभर की नजर बनी हुई है।