
श्रेया कालरा ने जीता ल़ॉक अप 2 का खिताब
Lock Upp 2 winner: नेटफ्लिक्स के बहुचर्चित रियलिटी शो 'लॉक अप' (Lock Upp) को अपना नया विजेता मिल गया। बुधवार 5 अगस्त की रात आयोजित हुए ग्रैंड फिनाले में मशहूर कंटेंट क्रिएटर और पूर्व रोडीज प्रतियोगी श्रेया कालरा ने शानदार जीत हासिल करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली। बचे 5 फाइनलिस्ट्स—राम कपूर, योगेश, शिल्पा शिंदे, शिवांगी जोशी और श्रेया कालरा- के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। आखिर में मुकाबला शिवांगी जोशी और श्रेया कालरा के बीच देखा गया और आखिर में श्रेया कालरा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी शिवांगी जोशी को बेहद करीबी मुकाबले में महज 7 वोटों के अंतर से हराकर यह खिताब और ट्रॉफी जीत ली।
ग्रैंड फिनाले की दौड़ जैसे-जैसे आगे बढ़ी, कंटेस्टेंट एक-एक करके शो से बाहर होते चले गए। अंतिम वोटिंग प्रक्रिया में शो के होस्ट, पूर्व प्रतियोगियों और खास गेस्ट के वोटों को शामिल किया गया था। इस प्रक्रिया में श्रेया को सबसे ज्यादा वोट मिले। प्रतियोगिता में जीत दर्ज करने के बाद श्रेया कालरा काफी भावुक और खुश नजर आईं। उन्होंने कहा, “मैंने शो के लिए अपना सब कुछ दे दिया था, चाहे मानसिक रूप से हो, शारीरिक रूप से हो या भावनात्मक रूप से। मैं भावनात्मक रूप से ठीक नहीं हूं, लेकिन 1 करोड़ रुपये से मुझे मदद मिलेगी।”
सोशल मीडिया पर लोगों के मिले जुले रिएक्शन आ रहे हैं। एक ने लिखा, "नेटफ्लिक्स शुरू से ही श्रेया के प्रति पक्षपाती था। उसे ही सारे फ़ायदे मिल रहे थे।" दूसरे ने श्रेया को बधाई दी, वहीं एक ने लिखा, "शिवांगी जोशी को ही विजेता बनना चाहिए था।" एक अन्य ने लिखा, "श्रेया कालरा ने ट्रॉफी जीती और शिल्पा शिंदे ने दिल जीत लिया।" बता दें, जब श्रेया के नाम का अनाउंसमेंट हुआ शिल्पा शिंदे की आंखों में आंसू आ गए थे। जिस वजह से लोग इस दोस्ती को सच्ची दोस्ती बता रहे हैं।
इस सीजन का प्रीमियर 27 जून को हुआ था, जिसमें 15 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था। सभी प्रतियोगी तीन-तीन निजी रहस्य यानी सीक्रेट्स छिपाकर लॉकअप में दाखिल हुए थे। शो में बने रहने के लिए उन्हें मुश्किल टास्क पूरे करने के साथ-साथ अपने राज भी उजागर करने पड़े थे। श्रेया कालरा के लिए रियलिटी शो का यह पहला अनुभव नहीं था। इससे पहले वह साल 2020 में 'एमटीवी रोडीज' में वाइल्डकार्ड एंट्री के रूप में नजर आई थीं, जहां वे निखिल चिनप्पा की टीम का हिस्सा थीं।
'लॉक अप 2' के अपने सफर के दौरान श्रेया कई विवादों और तीखी बहसों में शामिल रहीं, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कई मजबूत रिश्ते भी बनाए। शिल्पा शिंदे और माधुरी के साथ उनका गहरा लगाव देखने को मिला। इस सीजन में हर्षद चोपड़ा, धीरज धूपर, सुनीता आहूजा, सूफी मोतीवाला, आकांक्षा चमोला, वरुण यादव, आकांक्षा चौधरी, पमाला सेरेना, रियाज अली और श्रेष्ठा अय्यर, राम कपूर जैसे चर्चित सितारों ने भी भाग लिया था।
Updated on:
05 Aug 2026 10:03 pm
Published on:
05 Aug 2026 09:19 pm
