
Rajesh Sharma Health Update (सोर्स- @IMDb)
Rajesh Sharma Health Update: बॉलीवुड और बंगाली फिल्मों के जाने-माने अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई तरह की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थीं। कहीं दावा किया गया कि फिल्म फौजी की शूटिंग के दौरान उन्हें जहरीले कीड़े ने काट लिया, तो कहीं इसे शूटिंग सेट की लापरवाही से जोड़कर देखा गया। अब अभिनेता के करीबी सहयोगी ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए उनकी असली स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी साझा की है।
राजेश शर्मा के करीबी सहयोगी शुभाशीष पांडा के मुताबिक अभिनेता की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। उनके रक्त में शुगर का स्तर अब सामान्य हो चुका है और ऑक्सीजन लेवल भी स्थिर है। वो अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती हैं, लेकिन परिवार और परिचितों से सामान्य रूप से बातचीत कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने सामान्य भोजन लेना भी शुरू कर दिया है। अगर चिकित्सकों की अंतिम जांच में सब कुछ ठीक रहा तो उन्हें सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
शुभाशीष पांडा ने बताया कि राजेश शर्मा की तबीयत हैदराबाद में नहीं, बल्कि कोलकाता लौटने के बाद खराब हुई थी। उन्होंने साफ किया कि अभिनेता को किसी जहरीले कीड़े ने नहीं काटा था। दरअसल, ब्लड शुगर बढ़ने की वजह से उनके पैर में सूजन आ गई थी। सूजन वाले हिस्से में खुजली करने के कारण संक्रमण फैल गया, जिससे बुखार और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें पैदा हो गईं। समय रहते अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उनका इलाज शुरू किया गया और अब उनकी स्थिति पहले से काफी बेहतर है।
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि प्रभास के साथ फिल्म फौजी की शूटिंग के दौरान रामोजी राव स्टूडियो में किसी जहरीले कीड़े के काटने से अभिनेता बीमार पड़े थे। हालांकि, शुभाशीष पांडा ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना है कि शूटिंग के दौरान ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी और राजेश शर्मा सुरक्षित तरीके से कोलकाता लौटे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अभिनेता की बीमारी को लेकर इस तरह की भ्रामक खबरें किस उद्देश्य से फैलाई गईं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई खबरों के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी मामले का संज्ञान लिया था। संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने शूटिंग सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए एक विस्तृत बयान जारी किया था। हालांकि अब सामने आई नई जानकारी के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि अभिनेता की तबीयत बिगड़ने का कारण शूटिंग के दौरान हुई कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्या थी। फिलहाल अभिनेता की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनके प्रशंसक जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना कर रहे हैं।
Updated on:
10 Jul 2026 02:18 pm
Published on:
10 Jul 2026 02:18 pm
