
Sarthak Mattu Hit And Run Case (सोर्स- @@Devoleena_23)
Sarthak Mattu Hit And Run Case: दिल्ली के वसंत कुंज हिट-एंड-रन मामले ने एक बार फिर सड़क हादसों में न्याय मिलने की प्रक्रिया पर बहस छेड़ दी है। 34 साल की सार्थक मट्टू की मौत के बाद उनके माता-पिता का दर्द सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है।
इसी बीच टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने भी इस पूरे मामले पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों ऐसे मामलों में आरोपी जल्दी जमानत या कानूनी राहत हासिल कर लेते हैं, जबकि पीड़ित परिवार इंसाफ के लिए दर-दर भटकता रहता है।
हिट-एंड-रन हादसे में अपने इकलौते बेटे को खो चुके सार्थक मट्टू के माता-पिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों रोते हुए अपने बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं।
सार्थक के पिता ने भावुक होकर कहा कि उनका परिवार पूरी तरह टूट चुका है। उनका कहना है कि हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और उनका बेटा सड़क पर तड़पता रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अब तक केवल सांत्वना मिली है, लेकिन न्याय की दिशा में कोई ठोस कदम नजर नहीं आया।
परिजनों ने ये भी सवाल उठाया कि यदि हादसे के कई घंटे बाद मेडिकल जांच होती है, तो शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप की सच्चाई कैसे सामने आएगी। उन्होंने पीएम मोदी और गृहमंत्री से भी मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, 25 जून की सुबह दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक महिंद्रा थार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार सार्थक मट्टू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वाहन एक निजी कंपनी के कर्मचारी द्वारा लीज पर लिया गया था और हादसे के वक्त उसका दोस्त कार चला रहा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इस मामले ने एक बार फिर हिट-एंड-रन कानून को लेकर चर्चा तेज कर दी है। फिलहाल ऐसे मामलों में कई जगह पुराने कानूनी प्रावधान लागू होने के कारण आरोपी को जमानती राहत मिल जाती है। इसी वजह से पीड़ित परिवार और सोशल मीडिया पर कई लोग सख्त कानून लागू करने की मांग कर रहे हैं।
टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लगातार पोस्ट किए। उन्होंने लिखा कि पुणे पोर्शे हिट-एंड-रन केस की तरह अब हर हिट-एंड-रन मामले में आरोपी आसानी से जमानत पा जाते हैं, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाता रह जाता है। उनके मुताबिक ये स्थिति अब एक चिंताजनक ट्रेंड बनती जा रही है।
एक दूसरे पोस्ट में उन्होंने बिना किसी व्यक्ति या संस्था का नाम लिए कहा कि देश में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां जवाबदेही तय होती नहीं दिख रही। उन्होंने लिखा कि सत्ता और प्रभाव किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाते और इतिहास गवाह है कि हर व्यक्ति को अपने कर्मों का परिणाम भुगतना पड़ता है। उन्होंने ये भी कहा कि सार्वजनिक पद पर बैठे लोगों को खुद को जनता का सेवक समझना चाहिए, न कि कानून से ऊपर।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की गई है। दुर्घटना के तुरंत बाद केस दर्ज किया गया, वाहन जब्त किया गया और आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, सोशल मीडिया पर ये मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं और सड़क हादसों में दोषियों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं।
Updated on:
03 Jul 2026 02:18 pm
Published on:
03 Jul 2026 01:10 pm
