16 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ऑस्कर के रेड कार्पेट पर चमका भारतीय हुनर, हॉलीवुड के इस मशहूर लेस्बियन कपल ने पहनी ‘स्वदेश’ की ज्वेलरी

Oscars 2026 Fine Jewellery by Swadesh: ऑस्कर के रेड कार्पेट पर भारतीय ज्वेलरी का दबदबा देखने को मिला है। हाल ही में हुए रेड कार्पेट पर कई अभिनेत्रियां स्वदेश की ज्वेलरी पहने नजर आए।

2 min read
Google source verification
Oscars 2026 Fine Jewellery by Swadesh

Brandi Carlile & Catherine Shepherd (सोर्स- IMDb)

Oscars 2026 Fine Jewellery by Swadesh: हॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड समारोह अकादमी अवॉर्ड यानी ऑस्कर का रेड कार्पेट हमेशा से ही ग्लैमर, फैशन और लग्जरी का प्रतीक माना जाता है। इस मंच पर दुनियाभर के सितारे अपने शानदार लुक और महंगे डिजाइनर आउटफिट्स के लिए चर्चा में रहते हैं। लेकिन इस बार ऑस्कर के रेड कार्पेट पर भारतीय शिल्पकला की भी खास झलक देखने को मिली, जब अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने भारतीय ब्रांड की ज्वेलरी पहनकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

इस खास मौके पर मशहूर अमेरिकी सिंगर-गीतकार ब्रांडी कार्लाइल और ब्रिटिश अभिनेत्री कैथरीन शेफर्ड ने भारतीय ब्रांड स्वदेश की बारीक कारीगरी से तैयार किए गए आभूषणों को पहना। इन ज्वेलरी पीसेज ने न सिर्फ रेड कार्पेट पर चार चांद लगाए बल्कि भारतीय कारीगरों की प्रतिभा को भी वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई।

ब्रांडी कार्लाइल के ब्रोच ने खींचा सबका ध्यान (Oscars 2026 Fine Jewellery by Swadesh)

ऑस्कर रेड कार्पेट पर ब्रांडी कार्लाइल ने 'पेटल प्रिज्म ब्रोच' नाम का बेहद खास ज्वेलरी पीस पहना था। ये डिजाइन सूरजमुखी के फूल की प्राकृतिक संरचना से प्रेरित बताया जाता है। सोने से बने इस ब्रोच के बीचोंबीच ओवल कट पन्ना जड़ा हुआ है, जो इसकी खूबसूरती को और भी बढ़ाता है।

इसके चारों ओर बारीकी से जड़े हुए हीरे हैं, जिन्हें इस तरह सेट किया गया है कि उनमें से गुजरने वाली रोशनी आभूषण को और चमकदार बना देती है। इस अनोखे डिजाइन को तैयार करने में तेलंगाना के कुशल कारीगरों ने करीब 100 घंटे से भी ज्यादा समय लगाया। दरअसल तेलंगाना के कई परिवार पीढ़ियों से सोने और हीरे की कारीगरी से जुड़े हुए हैं। यही पारंपरिक कला इस ब्रोच में साफ दिखाई देती है, जिसने हॉलीवुड के मंच पर भारतीय हुनर की चमक बिखेर दी।

कैथरीन शेफर्ड का डायमंड नेकलेस बना चर्चा का विषय

वहीं अभिनेत्री कैथरीन शेफर्ड ने एक बेहद खास डायमंड नेकलेस पहना, जिसकी डिजाइनिंग काफी अलग और अनोखी थी। इस नेकलेस को इस तरह तैयार किया गया है कि यह कपड़े की तरह मुलायम अंदाज में गर्दन पर गिरता हुआ दिखाई देता है।

इसकी बनावट पंख की हल्की और लचीली संरचना से प्रेरित बताई जाती है। इसमें छोटे-छोटे हिस्सों को इस तरह जोड़ा गया है कि पूरा नेकलेस बेहद लचीला और हल्का महसूस होता है। नेकलेस में जड़े हुए हीरों को एक खास पैटर्न में सजाया गया है, जो विक्टोरियन दौर की क्लासिक डिजाइन की याद दिलाता है।

भारतीय कारीगरी को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच (Oscars 2026 Fine Jewellery by Swadesh)

स्वदेश ब्रांड की ये ज्वेलरी भारतीय शिल्प परंपरा को सम्मान देने का एक प्रयास मानी जाती है। इन आभूषणों के जरिए यह संदेश दिया गया कि भारत के कारीगरों के पास ऐसी कला और कौशल है जो दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी चमक बिखेर सकता है।

ऑस्कर जैसे वैश्विक मंच पर जब अंतरराष्ट्रीय सितारे भारतीय कारीगरों के बनाए आभूषण पहनते हैं, तो यह देश की पारंपरिक कला के लिए गर्व की बात बन जाती है। यही वजह है कि इस बार रेड कार्पेट पर भारतीय शिल्पकला की चमक भी दुनिया भर के लोगों ने देखी।

इस तरह हॉलीवुड के सबसे बड़े मंच पर भारतीय ज्वेलरी की मौजूदगी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत की कारीगरी और हस्तकला आज भी दुनिया में अपनी खास पहचान रखती है।