
Shefali Jariwala (IMDb)
Shefali Jariwala Death One Year: 27 जून 2025 की रात एंटरटेनमेंट जगत के लिए एक बड़ा झटका लेकर आई, जब 'कांटा लगा' फेम एक्ट्रेस और मॉडल शेफाली जरीवाला का सिर्फ 42 साल की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी उनकी मौत की असली वजह सार्वजनिक रूप से साफ नहीं हो सकी है। यही कारण है कि ये मामला आज भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
शेफाली जरीवाला की मौत के बाद कई तरह की अफवाहे सामने आईं। कुछ रिपोर्टों में एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट, विटामिन C IV ड्रिप और ग्लूटाथियोन जैसे सप्लीमेंट्स का जिक्र किया गया और इन दावों की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। बता दें, एक्ट्रेस मिनी माथुर ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी तरह के मेडिकल निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले डॉक्टरों की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि कोई भी सप्लीमेंट और इलाज हमेशा मेडिकल सुपरविजन में ही लिया जाना चाहिए।
तो वहीं, एक्ट्रेस गुल पनाग ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि आज समाज में लोग धैर्य और संतुलन के बजाय "जल्दी ठीक होने" और "फास्ट रिजल्ट" की दौड़ में शामिल हो गए हैं। उनके इस बयान ने ग्लैमर इंडस्ट्री में बढ़ते ब्यूटी प्रेशर पर भी नई बहस छेड़ दी। तो दूसरी ओर, शेफाली के पति पराग त्यागी ने बाद में सामने आकर कई रिपोर्टों का खंडन किया और उन्होंने साफ किया कि शेफाली महीने में एक बार डॉक्टर की सलाह के मुताबिक मल्टीविटामिन, विटामिन C, कोलेजन और ग्लूटाथियोन की IV ड्रिप लेती थीं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि फास्टिंग को उनकी मौत से जोड़ना गलत है और कई जानकारियां अधूरी तरीके से पेश की गईं।
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने परिवार, घरेलू स्टाफ और अन्य लोगों से पूछताछ की थी, जिसमें विसरा और अन्य सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भी भेजे गए, लेकिन अब तक कोई अंतिम मेडिकल निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं हुआ है।
बता दें, आज एक साल बाद भी शेफाली जरीवाला की मौत कई सवाल छोड़ जाती है। ये मामला सिर्फ एक सेलिब्रिटी की असामयिक मौत नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर फैलती अफवाहों, ब्यूटी स्टैंडर्ड्स के दबाव और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक जांच का इंतजार करने की जरूरत की भी याद दिलाता है। जब तक अंतिम तथ्य सामने नहीं आते, इस मामले को दावों के बजाय संवेदनशीलता और तथ्यों के साथ देखना ही सबसे उचित होगा।
Updated on:
27 Jun 2026 11:20 am
Published on:
27 Jun 2026 11:19 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
