
'ऑपरेशन सफेद सागर' एंथम 'आजमा ले' में सिंगर विशाल ददलानी ने दी अपनी आवाज (सोर्स: instagram-viralbhayani)
Vishal Dadlani: भारतीय वायुसेना (IAF) के ऐतिहासिक 'ऑपरेशन सफेद सागर' पर आधारित नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री के एंथम 'आजमा ले' को सिंगर विशाल ददलानी ने अपनी आवाज दी है। बता दें, गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। जहां कई लोगों ने गाने और भारतीय वायुसेना को श्रद्धांजलि देने की पहल की सराहना की, तो वहीं कुछ यूजर्स ने विशाल ददलानी के पुराने बयानों का हवाला देते हुए उनकी आलोचना भी की।
'आजमा ले' गाने को IAF के गोल्डन एरो स्क्वाड्रन और ऑपरेशन सफेद सागर की बहादुरी को समर्पित बताया गया है। हालांकि, गाने के रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं दो हिस्सों में बंटती नजर आईं। कुछ यूजर्स ने विशाल ददलानी के प्रति नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा कि वो उन्हें पसंद नहीं करते और 'देशभक्ति बस दिखावा है', जबकि दूसरे ने उनके प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। कुछ अन्य यूजर्स ने सिंगर को Boycott करने की अपील भी की और उन पर व्यक्तिगत आरोप लगाते हुए कमेंट किए।
तो वहीं दूसरी ओर कई यूजर्स ने गाने की सराहना करते हुए इसे भारतीय वायुसेना के शौर्य को समर्पित शानदार प्रस्तुति बताया। उनका कहना था कि किसी स्टार्स के काम का मूल्यांकन उसके गानों के आधार पर किया जाना चाहिए। फिलहाल, सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियां यूजर्स की व्यक्तिगत राय हैं। विशाल ददलानी ने इन प्रतिक्रियाओं पर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है।
इससे पहले भी विशाल ददलानी NEET पेपर लीक मामले पर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। उस दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक रियलिटी शो के सेट से वीडियो शेयर किया था। वीडियो की शुरुआत में वह भावुक नजर आते हैं, लेकिन कुछ ही पल बाद हंसने लगते हैं। कैमरे की ओर देखते हुए उन्होंने कहा, 'I'm here, baby!' वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, "याद रखें कि ऑनलाइन जो कुछ भी देखते हैं, उस पर आंख बंद करके भरोसा न करें। बहुत सारी मैनिपुलेशन हो रही है। सही लड़ाई लड़ते रहें और अपनी बात कहते रहें।"
बता दें कि विशाल ददलानी, शेखर रवजियानी के साथ मिलकर फेमस म्यूजिक कंपोजर जोड़ी 'विशाल-शेखर' बनाते हैं। दोनों ने बॉलीवुड को 'बलम पिचकारी', 'झूमे जो पठान', 'इश्क वाला लव' समेत कई सुपरहिट गाने दिए हैं।
Updated on:
04 Aug 2026 03:00 pm
Published on:
04 Aug 2026 03:00 pm
