
यूट्यूबर सौरभ जोशी से जुड़ा पूरा केस क्या है? (सोर्स- @souravjoshivlogs)
Sourav Joshi Ethanol Petrol Controversy: देश के लोकप्रिय यूट्यूबर और व्लॉगर सौरभ जोशी इन दिनों अपने किसी ट्रैवल व्लॉग या लग्जरी कार की वजह से नहीं, बल्कि E20 पेट्रोल को लेकर दिए गए बयान के कारण चर्चा में हैं। पहले उन्होंने दावा किया था कि उनकी मर्सिडीज कार का माइलेज E20 पेट्रोल की वजह से काफी कम हो गया है। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना बयान वापस लेते हुए स्पष्ट किया कि समस्या ईंधन में नहीं, बल्कि कार के इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण थी।
कुछ दिन पहले अपने व्लॉग में सौरभ जोशी ने बताया था कि उनकी मर्सिडीज कार का माइलेज अचानक 17 किलोमीटर प्रति लीटर से घटकर पहले 9 किलोमीटर प्रति लीटर और फिर करीब 5 किलोमीटर प्रति लीटर रह गया।
उन्होंने आशंका जताई थी कि यह समस्या E20 इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की वजह से हो सकती है। वीडियो में उन्होंने यह भी कहा था कि अब उन्हें पेट्रोल भरवाने में भी डर लगने लगा है और कहीं इससे कार में कोई बड़ी तकनीकी खराबी न आ जाए।
बयान के बाद मामला चर्चा में आया तो सौरभ जोशी ने अपनी मर्सिडीज को जांच के लिए मर्सिडीज-बेन्ज़ सर्विस सेंटर भेजा। तकनीकी जांच में पता चला कि कार का माइलेज कम होने की वजह पेट्रोल नहीं, बल्कि इंजन से जुड़ी एक मैकेनिकल समस्या थी। इसके बाद उन्होंने अपने पहले दिए गए बयान को वापस ले लिया।
जांच रिपोर्ट आने के बाद सौरभ जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर E20 पेट्रोल को लेकर हुई गलतफहमी के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी तरह की गलत जानकारी फैलाना या लोगों को भ्रमित करना नहीं था। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी कार की समस्या का कारण E20 पेट्रोल नहीं था।
पूरा मामला सामने आने के बाद मर्सिडीज-बेन्ज़ इंडिया ने भी आधिकारिक बयान जारी किया। कंपनी ने कहा कि उसके सभी BS-VI पेट्रोल वाहन E20 ईंधन के साथ पूरी तरह अनुकूल हैं और इसके लिए संबंधित सरकारी एजेंसियों से आवश्यक प्रमाणन भी प्राप्त है। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा, वाहन की विश्वसनीयता और बेहतर प्रदर्शन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इन मानकों का पूरा ध्यान रखा जाता है।
E20 पेट्रोल विवाद के बीच सोशल मीडिया पर सौरभ जोशी की संपत्ति को लेकर भी कई तरह के दावे सामने आने लगे। कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि पहले उनकी कुल संपत्ति करीब 50 करोड़ रुपये बताई जाती थी, इसमें उनका घर और जमीनें भी शामिल है। जबकि हालिया व्लॉग में उन्होंने लगभग 100 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का जिक्र किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। कुछ वायरल पोस्ट में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कथित कार्रवाई तक के दावे किए गए।
हालांकि, अब तक किसी भी सरकारी एजेंसी ने सौरभ जोशी के खिलाफ किसी जांच, छापेमारी या कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में सोशल मीडिया पर चल रहे इन दावों को फिलहाल केवल अटकलों के रूप में ही देखा जाना चाहिए, क्योंकि इनके समर्थन में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Updated on:
19 Jul 2026 01:27 pm
Published on:
19 Jul 2026 01:27 pm
