
इटावा पुलिस
Etawah Police: इटावा में पत्नी से परेशान युवक आत्महत्या करने के लिए घर से निकल पड़ा। इसके पहले उसने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर की जिसमें अपनी पत्नी के साथ फोटो के नीचे लिखा कि घरेलू झगड़े के कारण अपनी जिंदगी खत्म करने के लिए जा रहा हूं। फेसबुक पर की गई पोस्ट को मेटा ने संज्ञान में लिया और इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश पुलिस को दी गई। मिली सूचना के बाद सक्रिय हुई इटावा पुलिस युवक के घर पहुंच गई और फिर उसे भी खोज निकाला। पुलिस देख युवक चौंक गया। जिसकी काउंसलिंग की गई। इसके बाद युवक ने आश्वासन दिया कि भविष्य में वह इस तरह का काम नहीं उठाएगा। पुलिस की तत्परता से युवक की जान बच गई। घरवालों के आंखों में आंसू रोक नहीं रुक रहे हैं। मामला इटावा के जसवंत नगर थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के इटावा के जसवंत नगर थाना क्षेत्र की पुलिस की सक्रियता से एक युवक की जान बच गई। सोशल मीडिया पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट साझा करने के बाद पुलिस ने केवल 9 मिनट के भीतर युवक का पीछा कर उसके पास पहुंच गई और उसे वापस घर लेकर आ गई। इटावा के जसवंत नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले का रहने वाला 38 वर्षीय युवक ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उसने लिखा था कि जीवन से निराश हो चुका हूं, आत्महत्या करने के लिए जा रहा हूं। मेटा को इस पोस्ट से आत्महत्या के संकेत मिले थे।
इह पोस्ट को फेसबुक मेटा (Meta) ने संज्ञान में लिया और यूपी पुलिस सोशल मीडिया सेंटर को अलर्ट के रूप में जानकारी भेज दी। यूपी पुलिस सोशल मीडिया सेंटर को यह अलर्ट 21 और 22 मई की मध्य रात करीब 12:31 बजे प्राप्त हुआ।
अलर्ट मिलते ही यूपी पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम सक्रिय हो गई। टीम ने युवक की लोकेशन ट्रेस की, जिसकी लोकेशन इटावा होने की जानकारी मिली। मॉनिटरिंग टीम ने इसकी जानकारी तत्काल इटावा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इटावा पुलिस सक्रिय हुई और युवक के विषय में जानकारी प्राप्त की।
इटावा में युवक जसवंत नगर थाना क्षेत्र के मोहल्ले में रहता है। पुलिस जसवंत नगर पुलिस युवक के घर पहुंच गई। जहां घर वालों से बातचीत की और युवक के विषय में पूरी जानकारी प्राप्त की। पता चला कि थोड़ी देर पहले युवक घर से बाहर निकला था। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान वह थोड़ी दूर पर जाता हुआ दिखाई पड़ा।
पुलिस ने युवक को रोक लिया और उससे बातचीत की। पुलिस कर्मियों ने युवक को समझाया और उसकी हिम्मत बढ़ाई। समझने के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित घर वापस लेकर आए। बाद में उसकी काउंसलिंग भी कराई गई।
इटावा पुलिस ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से युवक की जान बच गई, जिसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिलाया है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम की सराहना हो रही है। युवक के घर वाले भी पुलिस को धन्यवाद दे रहे हैं।
Updated on:
24 May 2026 12:12 pm
Published on:
24 May 2026 12:12 pm
