
फरीदाबाद में डेढ़ साल की बेटी को नाले में फेंका
Haryana Crime News: हरियाणा के फरीदाबाद से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी को ममता का गला घोंटते हुए गंदे नाले में फेंक दिया। नाले के पानी में डूबने और तड़पने के कारण बच्ची की मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ जब दो स्कूली छात्रों ने नाले में बच्ची का शव देखा और पुलिस को सूचित किया।
आपको बता दें कि यह घटना पल्ला थाना क्षेत्र के 'बुढ़िया नाले' की है। यहां पर 23 अप्रैल को धीरज नगर और टीटू कॉलोनी के पास से गुजर रहे दो स्कूली बच्चों ने नाले के किनारे लोहे के जाल में एक बच्ची का शव फंसा हुआ देखा। बच्चों ने तुरंत अपने परिजनों को बताया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बच्ची की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है।
बच्ची नाले तक कैसे पहुंची, इसकी जांच के लिए क्राइम ब्रांच ने इलाके के तमाम सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। एक फुटेज में एक महिला बच्ची को गोद में लेकर नाले की तरफ जाती दिखी, लेकिन लौटते वक्त उसके हाथ खाली थे। पुलिस ने महिला की पहचान कर उसे हिरासत में लिया, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इस मामले में जब पूछताछ की गई तो आरोपी महिला ने बताया कि उसकी पहले से ही पांच बेटियां हैं और यह मृत बच्ची उसकी छठी संतान थी। महिला ने दावा किया कि गरीबी और इतनी बड़ी गृहस्थी के बोझ के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस को महिला की यह थ्योरी संदिग्ध लग रही है।
पुलिस अब इस एंगल पर जांच कर रही है कि क्या इस जघन्य हत्याकांड में बच्ची के पिता या परिवार के किसी अन्य सदस्य का हाथ तो नहीं है? क्या महिला पर बच्ची को मारने का कोई दबाव था? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
Updated on:
26 Apr 2026 01:04 pm
Published on:
26 Apr 2026 01:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
