16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Firozabad Murder Case: मासूम की हत्या करने वाले को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Firozabad Murder Case: "गलती हो गई, बचा लो..." शिकोहाबाद में मासूम आरव की हत्या के बाद आरोपी विराज ने पीड़ित मां के मौसा को फोन कर दिया रुपयों का प्रलोभन दिया था। परिवार ने ऑडियो पुलिस को सौंपा है।
3 min read
Google source verification
Firozabad crime news, Firozabad child murder CCTV, UP police encounter,Firozabad Murder Case

फिरोजाबाद में मासूम की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध असलहा और कारतूस बरामद किए हैं।

मददगार बनकर आया और बन गया जल्लाद

अरांव क्षेत्र के बामई गांव निवासी रति देवी की शादी फरवरी 2024 में बदायूं निवासी सुमित कुमार के साथ हुई थी। विवाह के बाद 3 नवंबर 2025 को उन्होंने बेटे आरव को जन्म दिया। पति से अनबन के चलते रती पिछले पांच महीने से अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान रती के पति का फुफेरा भाई विराज उर्फ जितेंद्र पाठक रती के परिवार के करीब आ गया। विराज ने पहले पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में मदद का भरोसा दिया। आरोपी विराज के दिमाग में यह सनक सवार थी कि रती अपने बेटे आरव की वजह से उससे शादी नहीं कर रही है। उसे यह भी शक था कि बच्चे की खातिर भविष्य में रती और उसका पति फिर से एक हो सकते हैं। जिसके चलते उसने रती के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया जब रती ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

टॉफी दिलाने के बहाने मासूम को ले गया बाहर

शनिवार को रती अपनी मां पिंकी देवी के साथ पति पर केस दर्ज कराने के सिलसिले में कानूनी राय लेने के लिए शिकोहाबाद के एक अधिवक्ता के पास गई थीं। अधिवक्ता से मिलने का समय शाम का होने के कारण वे यादव कॉलोनी में अपनी मां की सहेली के घर रुक गईं। इसी दौरान हत्यारोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक रती की मां से फोन पर लोकेशन लेकर वहां पहुंच गया। उसने रती पर पति को तलाक देकर खुद से शादी करने का भारी दबाव बनाया। जब मां बेटी ने उसके इस प्रस्ताव से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी विराज डेढ़ साल के मासूम आरव को टॉफी दिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया।

34 सेकंड का वीडियो देख हर कोई रह गया दंग

दोपहर करीब ढाई बजे आरोपी ने घर से 50 मीटर दूर एक सुनसान सड़क पर मासूम को बेरहमी से आठ बार जमीन पर पटक-पटकर महज 34 सेकंड में मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वह मासूम का शव घर के गेट पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। काफी देर तक जब बच्चा वापस नहीं आया तो रती गेट की तरफ गई जहां मासूम का शव पड़ा था। शोर मचने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सीसीटीवी फुटेज में सिरफिरा युवक मासूम को हवा में उछालकर सड़क पर पटकता हुआ नजर आ रहा है।

जानें पु‌लिस ने क्या कहा

अपर पुलिस अधीक्षक नगर फिरोजाबाद के मुताबिक, डेढ़ वर्षीय बच्चे की हत्या की घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। आरोपी विराज उर्फ जितेन्द्र पाठक निवासी बदायूं की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी भूड़ा भरतरा पुल के पास कहीं भागने की फिराक में छिपा हुआ है। पुलिस टीम की ओर से घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार हेतु ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार चल रहा है। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, जिंदा कारतूस तथा खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह बच्चे की मां से विवाह करना चाहता था तथा बच्चे को अपने रास्ते की बाधा मानते हुए उसने उसकी हत्या कर दी।

बड़ी खबरें

View All

फिरोजाबाद

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग