
पूर्व विधायक के बेटे ने पत्नी को मारी गोली, खुद भी किया सुसाइड (सोर्स: पत्रिका)
यूपी के फिरोजाबाद में बड़ी घटना हो गई है, शनिवार रात लगभग 9 बजे पूर्व विधायक के बेटे ने पहले पत्नी की गोली मारा फिर खुद भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया। घर में लगातार दो फायर होते ही अनहोनी की आशंका से परिजन कमरे की ओर दौड़े तो अंदर का दृश्य देख बदहवास हो गए, कमरे में पूर्व विधायक के बेटे और उनकी पत्नी खून से लथपथ पड़े थे।
पत्नी के सीने में और पूर्व विधायक के बेटे के सिर में गोली लगी थी। गोली की आवाज और परिजनों की चीख पुकार सुन मकान के सामने भारी भीड़ जुट गई, लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा बुझाकर दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पुलिस आगे की जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक डाहिनी गांव के रहने वाले राकेश यादव के पिता जगदीश यादव 1980 से 1985 तक कांग्रेस से विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में राकेश यादव सुभाष तिराहा, शिकोहाबाद में रहते थे। राकेश भी गांव के प्रधान रह चुके हैं इसके साथ ही वह एक इंटर कॉलेज के मैनेजर भी थे। परिजनों के मुताबिक कॉलेज में लगभग ढाई लाख रुपए के गबन के मामले में उनके खिलाफ कोर्ट में मुकदमा चल रहा था। शनिवार को इसी मामले की तारीख होने की वजह से वह कोर्ट गए थे।
परिजनों ने बताया कि शाम को कोर्ट से लौटने के बाद वह एक दम शांत थे, घर में भी किसी से बातचीत नहीं किए। परिजन अपने काम में लगे हुए थे इसी बीच घर में गोली चलने की आवाज सुन लोग कमरे की तरफ भागे। राकेश अपनी पत्नी राममूर्ति देवी को सामने से उनकी छाती में लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार दी। इसके बाद खुद अपने सिर में गोली मार ली।
कमरे में खून से लथपथ पड़े दोनों लोगों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने राकेश यादव को शिकोहाबाद में ही मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राममूर्ति देवी को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत एकत्र किए। पुलिस को मौके से लाइसेंसी रिवाल्वर मिली। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राणा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला मानसिक तनाव से जुड़ा लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
Updated on:
13 Jun 2026 11:59 pm
Published on:
13 Jun 2026 11:59 pm
