
ब्राजील और मोरक्को के बीच अब तक कुल 3 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। (photo - FIFA)
Brazil vs Morocco, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप सी का पहला मुक़ाबला पांच बार की चैंपियन ब्राजील और मोरक्को के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें 28 साल के बाद फीफा वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी। इससे पहले दोनों की भिड़ंत साल 1998 के वर्ल्ड कप में हुई थी, जहां ब्राजील ने मोरक्को को 3-0 से मात दी थी।
ब्राजील और मोरक्को के बीच अब तक कुल 3 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 2 मैच ब्राजील ने जीते हैं और एक में उसे हार मिली है। टीम के स्टार खिलाड़ी नेमार चोट के चलते इस मुक़ाबले में नहीं खेलेंगे। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में ब्राजील की नजरें विनिसियस जूनियर और राफिन्हा पर टिकी होंगी। दूसरी ओर, मोरक्को की टीम अपने स्टार खिलाड़ी अचरफ हकीमी और ब्राहिम डियाज के दम पर ब्राजील को कड़ी चुनौती देगी।
अपने अभियान की शुरुआत से पहले ब्राजील फुटबॉल टीम के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी और स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर ने टीम की तैयारियों और उम्मीदों को लेकर खुलकर बात की। दोनों ने साफ कहा कि ब्राजील का लक्ष्य सिर्फ अच्छा प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि देश को रिकॉर्ड छठा विश्व कप खिताब दिलाना है।
ब्राजील शनिवार को अपने पहले ग्रुप मुकाबले में मोरक्को का सामना करेगा। यह मैच टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि ब्राजील पिछले 24 वर्षों से विश्व कप ट्रॉफी जीतने का इंतजार कर रहा है। पिछली दो बार टीम क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गई थी, जिससे इस बार खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ पर दबाव भी काफी है।
मैच से पहले पत्रकारों से बातचीत में एंसेलोटी ने स्वीकार किया कि इतने बड़े टूर्नामेंट से पहले घबराहट और दबाव महसूस करना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि डर हमेशा नकारात्मक नहीं होता, बल्कि यह इंसान को सतर्क और केंद्रित बनाए रखता है। एंसेलोटी ने कहा, "डर जीवन का एक अहम हिस्सा है। अगर आप किसी भी खतरे को हल्के में लेते हैं तो मुश्किल में पड़ सकते हैं। डर आपको सावधान रहने और बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित करता है। इसी वजह से मैं मानता हूं कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले थोड़ा तनाव होना सामान्य बात है।"
उन्होंने कहा कि आधुनिक फुटबॉल में कोई भी टीम कमजोर नहीं है। खासकर मोरक्को जैसी टीम को हल्के में लेना बड़ी गलती होगी। मोरक्को ने पिछले विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था और स्पेन व पुर्तगाल जैसी मजबूत टीमों को हराया था। ब्राजील के कोच ने कहा, "हम मोरक्को का पूरा सम्मान करते हैं। वे अफ्रीका की सबसे मजबूत टीमों में से एक हैं। अगर हमें जीतना है तो हर विभाग में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।"
एंसेलोटी के लिए यह पहला विश्व कप है जिसमें वह ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के कोच के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने इसे अपने करियर का बेहद खास पल बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे सफल राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करना सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। दूसरी ओर, स्टार फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर ने कहा कि वह इस मौके का पूरा आनंद लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत पुरस्कार या रिकॉर्ड उनके लिए मायने नहीं रखते। उनका पूरा ध्यान टीम को विश्व कप जिताने पर है।
विनीसियस ने कहा, "मैं यहां टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने या व्यक्तिगत सम्मान जीतने के लिए नहीं आया हूं। मेरा लक्ष्य सिर्फ एक है और वह है ब्राजील को छठा विश्व कप खिताब दिलाने में मदद करना।" बता दें कि ब्राजील अब तक पांच बार (1958, 1962, 1970, 1994 और 2002) फीफा वर्ल्ड कप जीत चुका है।
उन्होंने बताया कि टीम काफी समय से इस टूर्नामेंट की तैयारी कर रही है और सभी खिलाड़ी पूरी तरह ध्यान केंद्रित हैं। 2022 विश्व कप में क्रोएशिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में मिली हार से टीम ने कई महत्वपूर्ण सबक सीखे हैं। विनीसियस ने कहा, "पिछले विश्व कप ने हमें सिखाया कि मैच की आखिरी सीटी बजने तक पूरी एकाग्रता बनाए रखना कितना जरूरी है। छोटी-छोटी गलतियां भी बड़े टूर्नामेंट में भारी पड़ सकती हैं।"
रियल मैड्रिड क्लब के इस खिलाड़ी ने कहा कि इस बार वह पहले से ज्यादा अनुभवी हैं और पूरी तरह फिट भी हैं। उन्होंने अपने कोच एंसेलोटी की तारीफ करते हुए कहा कि वे खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की आजादी देते हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। विनीसियस ने कहा, "एंसेलोटी हमेशा कहते हैं कि पूरे 90 मिनट फोकस बनाए रखना जरूरी है। विश्व कप में छोटी-छोटी बातें ही जीत और हार का अंतर तय करती हैं। हम उसी सोच के साथ मैदान में उतरेंगे।"
ब्राजील: एलिसन, डैनिलो, मार्विनहोस, गैब्रियल, सैंड्रो, कैसीमिरो, गुइमारेस, राफिन्हा, पाकेता, विनीसियस जूनियर, कुन्हा।
मोरक्को: बोनो, हकीमी, डियोप, रियाद, मजरौई, अमराबत, एल आयनाउई, औनाही, डियाज, सैबारी, एल खन्नौस।
Published on:
13 Jun 2026 06:38 pm
बड़ी खबरें
View Allफुटबॉल
खेल
ट्रेंडिंग
FIFA World Cup 2026
