
India vs Pakistan SAFF Championship 2023: सैफ चैंपयनशिप 2023 के 14वें संस्करण का दूसरा मुक़ाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। बैंगलोर के श्री कांतीरवा स्टेडियम में खेले गए इस हाईवोल्टेज मैच में भारत ने कप्तान सुनील छेत्री की शानदार हैट्रिक की मदद से पाकिस्तान को 4-0 से रौंद दिया। इस मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच गरमागर्मी भी देखने को मिली। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मैच के 44वें मिनट में भारत-पाक के प्लेयर्स एक-दूसरे से भिड़ गए। दोनों टीम के खिलाड़ियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई और देखते ही देखते दोनों टीम के टेक्निकल स्टाफ भी इस लड़ाई का हिस्सा बन गए। जिसके बाद रेफरी ने बीच बचाव करते हुए झगड़ा रुकवाया और भारतीय टीम के कोच इगोर स्टीमाच को रेड कार्ड दिया।
फर्स्ट हाफ ख़त्म होने में कुछ ही मिनट बचे थे। डिफेंडर संदेश झिंगन ने प्रीतम कोटाल को पास दिया जो वह कंट्रोल नहीं कर सके और पाकिस्तान को थ्रो-इन मिला। कोच स्टीमाच वहीं खड़े हुए थे। पाकिस्तानी खिलाड़ी ने गेंद उठाई और फेंकने की कोशिश की लेकिन तभी भारतीय कोच ने बॉल पर उंगली मार दी और गेंद गिर गई। इससे पाकिस्तानी खिलाड़ी नाराज़ हो गया और स्टीमाच से भिड़ गया।
इसके बाद कई पाकिस्तानी प्लेयर्स दौड़ कर आए और कोच ने भिड़ गए। इसी बीच भारतीय प्लेयर्स भी वहां पहुंच गए और लड़ाई शुरू हो गई। धक्के-मुक्की के बीच भारतीय कप्तान सुनील छेत्री ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को समझाया और भीड़ को अलग किया।
सितंबर 2018 के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच यह पहला फुटबॉल मैच खेला गया। पांच साल पहले भारत ने पड़ोसी देश को सैफ टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में 3-1 से हराया था। भारत के लिए सुनील छेत्री ने 10वें मिनट और फिर 16वें मिनट में गोल किया। दूसरे हाफ में सुनील छेत्री ने 74वें मिनट में गोल करके हैट्रिक पूरी की। वहीं उनके अलावा उदान्ता सिंह ने 81वें मिनट में गोल किया। पाकिस्तान की टीम मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी।
Published on:
22 Jun 2023 03:00 pm
